Bhubaneswar News: ओएमसी ओडिशा की आर्थिक प्रगति का प्रमुख स्तंभ : मोहन माझी

Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 16 May 2026 10:55 PM

विज्ञापन

Bhubaneswar News: ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन के 71वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संबोधित किया.

विज्ञापन

Bhubaneswar News: वैश्विक बाजार में लौह अयस्क, बॉक्साइट और क्रोमाइट जैसे खनिजों की बढ़ती मांग के बीच ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन (ओएमसी) राज्य के औद्योगिकीकरण और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. यह बातें मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कही. वे शनिवार को ओएमसी के 71वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे.

45 मिलियन टन खनिज उत्पादन कर निगम ने नया रिकॉर्ड स्थापित किया

भुवनेश्वर स्थित लोकसेवा कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 1960 के दशक में मात्र एक करोड़ रुपये के कारोबार से शुरुआत करने वाला ओएमसी वर्ष 2025-26 में 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार कर चुका है. इसके साथ ही 45 मिलियन टन खनिज उत्पादन कर निगम ने नया रिकॉर्ड स्थापित किया है और देश की अग्रणी खनन कंपनियों में अपनी पहचान बनायी है. मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि ओएमसी को अब अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार ओडिशा से बाहर अन्य राज्यों तक करना चाहिए. उन्होंने कहा कि निगम के पास पर्याप्त खनिज संसाधन उपलब्ध हैं और अब खनन गतिविधियों के साथ औद्योगिकीकरण की दिशा में भी आगे बढ़ने की आवश्यकता है. मोहन माझी ने कहा कि सात दशकों से अधिक समय में ओएमसी ने स्वयं को केवल एक व्यावसायिक संस्था के रूप में नहीं, बल्कि ओडिशा की आर्थिक प्रगति के मजबूत स्तंभ के रूप में स्थापित किया है. निगम राज्य सरकार को नियमित रूप से लाभांश प्रदान कर रहा है तथा राज्य की खनिज संपदा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करते हुए आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है.

बांगुर क्रोमाइट खदान से प्लेटिनम ग्रुप एलिमेंट निकासी की दिशा में की पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि क्योंझर जिले की बांगुर क्रोमाइट खदान से प्लेटिनम ग्रुप एलिमेंट (पीइजी) निकालने के लिए ओएमसी ने अपने पायलट प्लांट का सफल परीक्षण किया है. उन्होंने कहा कि इससे स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक ऑटोमोबाइल उद्योगों के लिए आवश्यक धातुओं की आपूर्ति में ओडिशा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा. उन्होंने आशा व्यक्त की कि वर्ष 2036 तक समृद्ध ओडिशा के लक्ष्य को साकार करने में ओएमसी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ओएमसी पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित खनन संचालन और खनन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है. सीएसआर कार्यक्रमों के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, महिला सशक्तीकरण, खेल और आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे खनन क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है.

स्थानीय लोगों को खनन कार्यों में अधिक अवसर प्रदान करने की दी सलाह

मुख्यमंत्री माझी ने निगम को स्थानीय लोगों को खनन कार्यों में अधिक अवसर प्रदान करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे स्थानीय समुदायों की आजीविका और अधिक मजबूत होगी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कालियापानी में नवनिर्मित ओडिशा माइनिंग आदर्श विद्यालय के स्थायी परिसर, खनन क्षेत्र के लोगों के लिए आठ अत्याधुनिक बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस, एकीकृत प्रबंधन एवं निगरानी केंद्र तथा ‘ओ-स्वास्थ्य’ नामक डिजिटल स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ किया. उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों और क्षेत्रों को सम्मानित भी किया. कार्यक्रम में विकास आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डीके सिंह ने कहा कि ओडिशा के औद्योगिक विकास में ओएमसी का योगदान अतुलनीय है और खनन गतिविधियों को राज्य एवं देश के विकास के लिए और अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है.

विज्ञापन
BIPIN KUMAR YADAV

लेखक के बारे में

By BIPIN KUMAR YADAV

BIPIN KUMAR YADAV is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola