Sambalpur News: संबलपुर में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत, छह वर्षीय बच्ची गंभीर
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 16 May 2026 12:10 AM
Sambalpur News: संबलपुर जिले के कुचिंडा में फॉरेस्ट पार्क के सामने हुई दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक बच्ची गंभीर है.
Sambalpur News: संबलपुर जिले के कुचिंडा थाना क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट पार्क के सामने शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक छह वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी. जानकारी के अनुसार, महुलपाली थाना क्षेत्र के कुसुमी जमनकीरा गांव निवासी दीपक मुंडा, शिव मुंडा तथा छह वर्षीय दीपिका मुंडा अपने एक रिश्तेदार को देखने कुचिंडा अस्पताल आये थे. शाम करीब 7:00 बजे वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे.
दीपक और शिव मुंडा की मौके पर हुई मौत
कुचिंडा थाना के पास फॉरेस्ट पार्क के सामने उनकी बाइक को सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने चपेट में ले लिया. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि बाइक सवार दीपक मुंडा और शिव मुंडा की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं गंभीर रूप से घायल दीपिका मुंडा को स्थानीय लोगों की मदद से पहले कुचिंडा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बुर्ला मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही कुचिंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बामड़ा : तीलेइमाल में बोलेरो दुर्घटना, महिला की मौत, पांच घायल
बामड़ा के समीपवर्ती लैयकेरा थाना तीलेइमाल गांव के पास गुरुवार देर शाम बोलेरो दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गयी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घटना को लेकर अंचल में मातम पसर गया है. जानकारी के मुताबिक, तीतरकेला अंचल के कुछ परिवार के 17 लोग गुरुवार को एक बोलेरो में लैयकेरा थाना अंतर्गत पाकेलपड़ा लखुआपड़ा गांव में विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आये थे. शाम को घर लौटने के दौरान तीलेइमाल गांव के निकट गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. दुर्घटना में छह लोग घायल हो गये थे. स्थानीय लोगों ने पुलिस की सहायता से सभी घायलों को बामड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. बामड़ा में डॉक्टर ने कस्तूरी लकड़ा (32) को मृत घोषित कर दिया. घायल श्रुति लकड़ा (07), सुरेखा टोपनो (14), जमुना लकड़ा (18), भरत लकड़ा (07) और सूर्य लकड़ा को प्राथमिक उपचार के बाद सुंदरगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. श्रुति और यमुना की हालत गंभीर बतायी जा रही है. साहसपुर पुलिस चौकी इंचार्ज अजीत कुमार बरगे मौके पर पहुंच मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रहे हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










