कागजों पर ओडीएफ, हकीकत में खुले में शौच; चक्रधरपुर में समस्याओं का अंबार

Updated:
विज्ञापन

चक्रधरपुर में कई जगहों पर ऐसी ही गंदगी.

West Singhbhum (चक्रधरपुर): चक्रधरपुर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी खूब जोर लगा रहे हैं. हालांकि उनके सामने समस्याओं का अंबार है. ग्रामीणों के अनुसार वार्ड 12 को ओडीएफ घोषित कर दिया गया है, लेकिन लोग अब भी खुले में शौच के लिए जाते हैं. पूरे वार्ड में गंदगी का अंबार है.

विज्ञापन

West Singhbhum (चक्रधरपुर): नगर निकाय चुनाव की दस्तक के साथ ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गयी है. चक्रधरपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के पांच प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने और कार्यालयों के उद्घाटन में व्यस्त हैं, लेकिन इन चुनावी दावों के उलट प्रभात खबर की टीम जब वार्ड संख्या-12 (लोको कॉलोनी) पहुंची, तो वहां जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही थी. नगर परिषद क्षेत्र को भले ही ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) घोषित कर दिया गया हो, लेकिन वार्ड-12 के नेपाली पाड़ा की स्थिति इसके उलट है. यहां रहने वाले 27 परिवार आज भी खुले में शौच करने को विवश हैं. क्षेत्र में न तो सामुदायिक शौचालय है और न ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था है.

आपके शहर में

विज्ञापन

नारकीय जीवन जीने को विवश हैं वार्डवासी

लोको कॉलोनी में नालियों की सफाई न होने से उठती बदबू और क्वार्टरों की लीकेज सेफ्टी टैंकों से निकलता गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे केवल वोट बैंक बनकर रह गए हैं. चुनाव के बाद उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं होता है. बारिश के दिनों में सड़क नहीं होने के कारण पूरा इलाका कीचड़ के टापू में तब्दील हो जाता है.

वार्डवासियों की प्रमुख मांगें

नियमित सफाई : लोको कॉलोनी की नालियों और गलियों की सफाई रोजाना सुनिश्चित की जाए.
सेफ्टी टैंकों की मरम्मत : क्वार्टरों के टूटे हुए सेफ्टी टैंक ठीक किए जाएं ताकि सड़कों पर गंदा पानी न बहे.
झाड़ियों की कटाई : क्वार्टरों के पीछे उगी झाड़ियों को साफ किया जाए, जिससे सांप-बिच्छू का खतरा कम हो.
पेवर्स ब्लॉक : कॉलोनी की कच्ची गलियों में पेवर्स ब्लॉक बिछाकर उन्हें पक्का किया जाए.
बिजली तारों का जाल : मकड़जाल की तरह लटके बिजली और टेलीफोन के तारों को हटाकर अंडरग्राउंड वायरिंग की जाए.
पीसीसी सड़क निर्माण : नेपाली पाड़ा की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 500 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण हो.
स्वच्छ पेयजल : नेपाली पाड़ा में पेयजल संकट दूर करने के लिए चिह्नित स्थान पर सोलर जलमीनार लगायी जाए.
सामुदायिक शौचालय : ओडीएफ के दावों को धरातल पर उतारने के लिए तत्काल सामुदायिक शौचालय का निर्माण हो.

स्थानीय निवासियों में प्रियंका सरदार ने कहा किक्वार्टर क्षेत्र की नालियों में गंदगी का अंबार लगा है. इसे यथाशीघ्र साफ कराने की जरूरत है ताकि जलभराव न हो. एम श्रीनिवासन राव ने कहा कि यहां ब्रिटिश काल की बनी सेफ्टी टंकियां अब जर्जर हो चुकी हैं. गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, इनका नये सिरे से निर्माण अनिवार्य है. संध्या सोरेन का कहना है कि नियमित सफाई के अभाव में नालियां जाम हैं, जिससे क्षेत्र में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है. मनी पूरती बताती हैं कि कागजों पर ओडीएफ मुक्त होने के बावजूद लोग खुले में शौच जाने को विवश हैं. यहां तत्काल सामुदायिक शौचालय बनना चाहिए. नरेश साव ने कहा कि बारिश में नेपाली पाड़ा की सड़कें जलमग्न हो जाती हैं. आवागमन दूभर है, इस समस्या से हमें निजात चाहिए. कृष्ण राव का कहना है कि क्वार्टरों के पीछे झाड़ियां जंगल की तरह बढ़ गयी हैं. दिन-रात सांप-बिच्छू का डर बना रहता है, वहां नियमित सफाई की मांग हम लंबे समय से कर रहे हैं.

रेलवे क्षेत्र के कारण नगर परिषद की अनदेखी

युवा समाजसेवी रोशन रवानी ने कहा कि रेलवे क्षेत्र होने के कारण नगर परिषद यहां ध्यान नहीं देती हैं. समस्याओं का अंबार है, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए नगर परिषद और वार्ड वासियों दोनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. पूर्व पार्षद के बेटे और प्रतिनिधि प्रदीप दास का दावा है कि वार्ड का समुचित विकास किया गया है. 1000 फीट पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया और पात्र बुजुर्गों को पेंशन योजना से जोड़ा गया है. साफ-सफाई भी नियमित रूप से कराई जाती रही है.

वार्ड 12 के आंकड़े

कुल मतदाता – 761
पुरुष – 346
महिला – 370
थर्ड जेंडर – 00
स्कूल मतदान केंद्र – 01
वार्ड 12 की बस्तियां : लोको कॉलोनी, नेपाली पाड़ा, डिस्ट्रिक स्टोर, मेजो बस्ती, पानी टंकी बस्ती.

ये भी पढ़ें…

रांची के कटहल मोड़ से नौ लाख नकदी बरामद, चेकिंग में मिला पैसा

धनबाद में डॉक्टर को जान से मारने की धमकी, आईसीयू के बाहर चिपकाया लेटर

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola