नोवामुंडी में शॉर्ट सर्किट से हाईवा में लगी भीषण आग, इलाके में दहशत

Updated:
विज्ञापन

आग से धू-धूकर जलता हुआ हाईवा. फोटो: प्रभात खबर

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में शॉर्ट सर्किट से गीटी डस्ट लदे हाईवा में भीषण आग लग गई. चालक ने कूदकर जान बचाई. पुलिस और टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया. आग से बैटरी जल गई, सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटिनता–डांगूवापोषी मेन रोड पर कुचिबेड़ा गांव के पास सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे अफरा-तफरी मच गई. गीटी डस्ट लदे एक हाईवा वाहन में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. तेज हवा के कारण आग कुछ ही मिनटों में विकराल हो गई और दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई देने लगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

हाईवा का केबिन और टायर धू-धू कर जले

आग की चपेट में आते ही हाईवा का केबिन और आगे के दोनों टायर धू-धू कर जलने लगे. टायर ब्लास्ट होने से हालात और गंभीर हो गए. जलते हुए टायर के टुकड़े सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे, जिससे खेतों और आसपास के जंगल में आग फैलने का खतरा पैदा हो गया. मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

चालक ने कूदकर बचाई जान

स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाई और चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई. कुछ ही पलों में हाईवा पूरी तरह आग की चपेट में आ गया. राहत की बात यह रही कि वाहन उस समय आबादी वाले क्षेत्र से कुछ दूरी पर था, जिससे किसी जानमाल की क्षति नहीं हुई.

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस हरकत में आ गई. सब इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अभिनय कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने तत्काल सड़क पर आवागमन रोक दिया और भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखा. इसके साथ ही टाटा स्टील की अग्निशमन टीम को सूचना दी गई.

टाटा स्टील फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आग खेतों से होते हुए जंगल तक फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था.

सिलेंडर ब्लास्ट नहीं हुआ, टली अनहोनी

आग की चपेट में आकर हाईवा की दोनों बैटरियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. वाहन में खाना बनाने के लिए रखा गया एक सिलेंडर भी मौजूद था, लेकिन वह ब्लास्ट नहीं हुआ. सिलेंडर के सुरक्षित रहने से एक और बड़ी अनहोनी टल गई.

चालक और मालिक की पहचान

हाईवा चालक की पहचान सोमा चाम्पिया, निवासी रोवेंटा गांव, के रूप में हुई है. चालक ने बताया कि वह टीडीपीएल प्लांट से गीटी डस्ट लोड कर मजगांव की ओर जा रहा था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई. वाहन में उस समय कोई खलासी मौजूद नहीं था. हाईवा के मालिक की पहचान बाबू भाई, निवासी चम्पुआ, ओडिशा, के रूप में हुई है.

इसे भी पढ़ें: राजमहल में टोटो सवारी को लेकर खूनी संघर्ष! एक की मौत, सड़क जाम

कुछ देर बंद रहा आवागमन

आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया था. स्थिति सामान्य होने के बाद आवागमन बहाल कर दिया गया. इस पूरे घटनाक्रम में नोवामुंडी पुलिस प्रशासन और टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.

इसे भी पढ़ें: खूंटपानी हॉर्टिकल्चर कॉलेज में दूसरे राज्यों के छात्रों का भी होगा दाखिला, आईसीएआर से मिली मंजूरी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola