धनबाद में डॉक्टर को जान से मारने की धमकी, आईसीयू के बाहर चिपकाया लेटर
धनबाद के नावाडीह में डॉ मिहिर कुमार की किडनी केयर क्लिनिक. फोटो: प्रभात खबर.
Dhanbad News: धनबाद के नावाडीह स्थित किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ मिहिर कुमार को आईसीयू के बाहर चिपकाए गए पत्र से जान से मारने की धमकी मिली. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रंगदारी के एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है. नीचे पूरी खबर पढ़ें.
धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट
Dhanbad News: झारखंड में धनबाद के नावाडीह इलाके में स्थित बिरसा मुंडा पार्क के पास महाकेश्वर कॉम्पलेक्स में संचालित किडनी केयर क्लिनिक उस वक्त सनसनी का केंद्र बन गया, जब क्लिनिक के संचालक डॉ मिहिर कुमार को जान से मारने की धमकी मिली. धमकी भरा पत्र क्लिनिक की आईसीयू के बाहर चिपका हुआ पाया गया, जिससे डॉक्टरों और मरीजों के बीच डर का माहौल बन गया.
आपके शहर में
9 फरवरी की रात की बताई जा रही है घटना
डॉ मिहिर कुमार के अनुसार, 9 फरवरी की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी क्लिनिक की आईसीयू के बाहर यह पत्र चिपकाया. इसकी जानकारी सबसे पहले क्लिनिक में कार्यरत कर्मी असलम को मिली. असलम ने पत्र देखते ही उसकी तस्वीर लेकर व्हाट्सऐप के माध्यम से डॉक्टर को भेजी. सूचना मिलते ही डॉ मिहिर तुरंत क्लिनिक पहुंचे और खुद पत्र को चिपका हुआ पाया.
धमकी भरे लेटर से बढ़ी चिंता
धमकी भरे पत्र में लिखी भाषा बेहद आक्रामक और डराने वाली बताई जा रही है. पत्र में लिखा गया है कि डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी है कि उस दिन ग्रुप में होने की वजह से बच गए, नहीं तो गोली मार देता. जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह तुम्हें भी मारूंगा. इसे हल्के में मत लेना, जितना जीना है जी लो, चार तारीख को मार दूंगा. पत्र में यह भी लिखा गया है कि एसपी या डीएसपी के पास जाने से भी कुछ नहीं होगा. पत्र के नीचे अंग्रेजी में “किल” शब्द लिखा हुआ है.
धनबाद थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
डॉ मिहिर कुमार की शिकायत पर धनबाद थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है. थाना स्तर पर अधिकारियों का कहना है कि धमकी की प्रकृति को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है.
रंगदारी के उद्देश्य से धमकी की आशंका
डॉ मिहिर कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में आशंका जताई है कि यह धमकी रंगदारी वसूली के उद्देश्य से दी गई हो सकती है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने और क्लिनिक स्टाफ की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है. डॉक्टरों के बीच इस घटना को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: हंटरगंज के गायघाट गांव में महिला की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके. इसके साथ ही क्लिनिक और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बचरा में बच्चा चोरी का प्रयास, महिला की बहादुरी से बची जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए