हंटरगंज के गायघाट गांव में महिला की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
हंटरगंज के तिलहेत पंचायत में महिला की हत्या.
Chatra Cime News: चतरा जिले के हंटरगंज क्षेत्र में तिलहेत पंचायत के गायघाट गांव में महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अज्ञात अपराधियों ने छाती में गोली मारी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई. पारिवारिक और जमीन विवाद को लेकर भी आशंका जताई जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
हंटरगंज से मो कासिफ इकबाल की रिपोर्ट
Chatra Cime News: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत तिलहेत पंचायत के गायघाट गांव में सोमवार की देर शाम एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. अज्ञात अपराधियों ने महिला को छाती में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
आपके शहर में
मृतका की पहचान पूनम देवी के रूप में हुई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान जोगेंद्र भुईयां की पत्नी पूनम देवी के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि यह पूनम देवी की दूसरी शादी थी, जिसे हुए करीब पांच साल हो चुके थे. घटना के समय महिला घर के पास ही मौजूद थी. अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, इस हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद हो सकता है. उनका कहना है कि महिला की हत्या के पीछे उसके पहले पति का भी हाथ हो सकता है. पूनम की पहली शादी दंतार के कुरखेता गांव में किशोरी भुईयां के साथ हुई थी. शादी के चार-पांच महीने पूनम ने उसे छोड़कर गांव के ही जोगिंद्र भुईयां से शादी कर ली. किशोरी भुईयां पूनम को भूल नहीं पाया था. जोगिंद्र के साथ शादी करने के बावजूद वह उसे अपने पास रखना चाहता था. लेकिन, यह उसके पास नहीं जाना चाहती थी. वहीं, ग्रामीणों की ओर से यह आशंका भी जताई जा रही है कि संपत्ति विवाद के कारण गोतिया द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया हो. बताया जा रहा है कि पूनम देवी अपने मायके की इकलौती बेटी थी और संपत्ति को लेकर पहले से विवाद चल रहा था.
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है. सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है. परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में फर्जी पुलिस बनकर ठगी, पीएचईडी ठेकेदार समेत दो युवकों से उड़ाए सोने के गहने
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: पुलिस रिकॉर्ड में फरार महिला चुनावी मैदान में, जमशेदपुर के मानगो से ठोक रहीं ताल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए