किरीबुरू के मिलन चौक चाकूबाजी कांड में फरार आरोपी कालू करूआ गिरफ्तार, जेल भेजा गया

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 18 May 2026 3:06 PM

विज्ञापन

किरीबुरू थाने में पुलिस की गिरफ्तार बदमाश. फोटो: प्रभात खबर

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम के किरीबुरू मिलन चौक चाकूबाजी कांड में फरार आरोपी कालू करूआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. 16 मई को हुए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था. थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी को दबोचा. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

गुवा से संदीप गुप्ता की रिपोर्ट

West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र के मिलन चौक में हुए जानलेवा चाकूबाजी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. युवक पर गले में चाकू से हमला करने वाले फरार आरोपी कालू करूआ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया.

16 मई की रात हुआ था जानलेवा हमला

जानकारी के मुताबिक, 16 मई की देर शाम मिलन चौक निवासी 32 वर्षीय चंद्रमोहन गोप पर आरोपी कालू करूआ ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. चंद्रमोहन गोप, टिमरा गोप के पुत्र हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मजदूरी कर घर लौटने के बाद पास की दुकान में सामान खरीदने गया था. इसी दौरान करूआ बस्ती निवासी कालू करूआ उससे तमिल भाषा में कुछ कहने लगा. चंद्रमोहन उसकी बात समझ नहीं पाए और उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया. इसी बात पर आरोपी अचानक भड़क उठा और चाकू निकालकर उनके गले पर हमला कर दिया.

हमले के बाद इलाके में मच गई अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बेहद आक्रामक तरीके से हमला किया था. चाकू का वार सीधे गले पर किया गया, जिससे चंद्रमोहन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े. गले से तेजी से खून बहने लगा और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत सेल अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज शुरू किया. चिकित्सकों के मुताबिक समय पर अस्पताल पहुंचा दिए जाने के कारण युवक की जान बच गई और अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

थाना प्रभारी ने खुद संभाली मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस सक्रिय हो गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रोहित कुमार ने खुद पूरे मामले की निगरानी की और पुलिस टीम को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपी की गतिविधियों का सुराग मिला. इसके बाद विशेष अभियान चलाकर कालू करूआ को गिरफ्तार कर लिया गया.

इसे भी पढ़ें: BCCL में नौकरी दिलाने के नाम पर 200 लोगों से 20 करोड़ की ठगी, धनबाद-बंगाल से जुड़ रहे तार

गिरफ्तारी के बाद भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की और घटना से जुड़े कई तथ्यों की जानकारी जुटाई. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया. कोर्ट के आदेश पर कालू करूआ को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस घटना के बाद मिलन चौक और आसपास के इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है. हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को देने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें: इटखोरी में मोबाइल छिनतई करने वाले चार गिरफ्तार, अब जेल में खाएंगे हवा

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola