गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने किया CNG-PNG स्टेशन का उद्घाटन, पहले उपभोक्ता के घर खुद जलाया चूल्हा

Updated:
विज्ञापन
Nishikant Dubey

उद्घाटन समारोह के कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे

Nishikant Dubey: गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने 1369 करोड़ रुपये की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के तहत सीएनजी और पीएनजी सेवाओं का उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने अदाणी समूह द्वारा बनाए जा रहे स्कूल, सीमेंट प्लांट और अस्पताल को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया. पूरी विस्तृत रिपोर्ट यहां पढ़ें.

विज्ञापन

निरभ किशोर की रिपोर्ट

Nishikant Dubey, गोड्डा: संताल परगना में विकास की गति को और तेज करते हुए गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने गोड्डा के इंद्रा ऑटो सर्विस परिसर में नवनिर्मित सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) स्टेशन का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया. इस सुविधा के शुरू होने से अब गोड्डा वासियों को घरेलू रसोई गैस के सिलेंडर और वाहनों के लिए महंगे डीजल-पेट्रोल की निर्भरता से बड़ी राहत मिलेगी.

महिलाओं को सिलेंडर के झंझट से मिलेगी मुक्ति

उद्घाटन के बाद स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने सीएनजी और पीएनजी के फायदों को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि यह तकनीक न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि बेहद सस्ती और सुलभ भी है. पीएनजी के माध्यम से लोगों के घरों तक कम खर्च में चौबीसों घंटे गैस की आपूर्ति सुनिश्चित होगी. डॉ. दुबे ने बताया कि पहले चरण में शहर के 900 उपभोक्ताओं को पीएनजी के माध्यम से सीधे रसोई तक ‘कंटीन्यूअस गैस’ पहुंचाने का काम संबंधित कंपनी एचपीसीएल (HPCL) द्वारा किया जाएगा. इससे महिलाओं को अब भारी-भरकम सिलेंडर बुक करने और उसके खत्म होने की चिंता से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी.

Also Read: डेढ़ महीने से जेल में हजारीबाग के कार्यपालक अभियंता, कर्मचारियों के घर चूल्हा जलाना मुश्किल

पहले बिहार के लिए स्वीकृत थी 1369 करोड़ की यह योजना

परियोजना की पृष्ठभूमि साझा करते हुए डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी योजना मूल रूप से पहले बिहार राज्य के लिए स्वीकृत की गई थी. इसे गोड्डा और संताल परगना की धरती पर लाने के लिए उन्हें केंद्र सरकार का विशेष सहयोग लेना पड़ा. केंद्र के प्रयास से इस 1369 रुपये करोड़ की वृहद परियोजना में गोड्डा के साथ-साथ संताल परगना के देवघर, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों को भी शामिल किया गया. अब इस भारी-भरकम निवेश का सीधा लाभ पूरे संताल परगना क्षेत्र को मिल रहा है.

पदाधिकारियों को मिला ‘गैस कनेक्शन’ का टारगेट

योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचाने के लिए सांसद ने मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों को सीधे तौर पर जवाबदेही सौंपी. उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष सुशील रमणी, उपाध्यक्ष पूजा तिवारी, महागामा नगर अध्यक्ष प्रबोध सोरेन और भाजपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती को संबोधित करते हुए ‘सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन’ के तहत पीएनजी कनेक्शन का बड़ा टारगेट दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि खुद लोगों के घरों तक जाएं, उनके फॉर्म भरवाएं और उसे एचपी के अधिकारियों को सौंपकर जल्द से जल्द कनेक्शन सुनिश्चित कराएं.

अदाणी के अधिकारियों से ली जानकारी

कार्यक्रम के दौरान अदाणी पावर गोड्डा के ऑपरेशन हेड कार्तिकेय मिश्रा और सीएसआर (CSR) हेड संतोष कुमार सिंह ने सांसद डॉ. दुबे को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया. इस दौरान सांसद ने अदाणी समूह के अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का फीडबैक लिया. उन्होंने बताया कि मोतिया गांव में अदाणी का आधुनिक स्कूल आगामी 15 अगस्त तक हर हाल में शुरू हो जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों को खुशखबरी देते हुए कहा कि जल्द ही गोड्डा में अदाणी का सीमेंट प्लांट और एक भव्य, सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण का कार्य भी तेजी से आरंभ होने जा रहा है. अदाणी समूह के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में इस संस्थान ने पूरे राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने में बड़ी राशि खर्च की. स्मार्ट क्लास के तहत ‘ज्ञानोदय ऐप’ के माध्यम से जिले के शिक्षा स्तर में एक बड़ी क्रांति आई है.

पीएम मोदी के विजन से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल महंगाई और गैस के नाम पर जनता के बीच झूठी कहानियां गढ़ने का काम करता है. सच्चाई यह है कि आज भी भारत की अर्थव्यवस्था अमेरिका और दुनिया के कई बड़े विकसित देशों की तुलना में काफी बेहतर और मजबूत स्थिति में है. उन्होंने कहा, “अगर आज देश में सब कुछ सामान्य है, तो इसकी एकमात्र वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी विजन है. आज हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल तक मिलना दूभर हो गया है.”

पीएनजी उपभोक्ता के घर पहुंचे सांसद

मुख्य कार्यक्रम के समापन के बाद सांसद डॉ. निशिकांत दुबे गोड्डा में पीएनजी रसोई गैस के पहले उपभोक्ता संतोष कुमार मंडल के आवास पर पहुंचे. वहां परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक रूप से सांसद का भव्य स्वागत किया. डॉ. दुबे ने उपभोक्ता के घर में खुद अपने हाथों से पीएनजी गैस का चूल्हा जलाकर इस सेवा की औपचारिक शुरुआत की. इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया. इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए मौके पर एचपी के जीएम अनिल कुमार त्रिपाठी, चीफ मैनेजर चारण्या के, हेड रीजनल मैनेजर शुभांकर प्रकाश और दिशा कमेटी के सदस्य संतोष कुमार सिंह समेत भारी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित थे.

Also Read: जमशेदपुर में 15 साल पुरानी गाड़ियां सड़कों से होंगी बाहर, बिना हेलमेट बाइक चलाई तो कटेगा भारी चालान

विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola