गोड्डा सदर अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

Author Sanjeet kumar|Edited by Sweta Vaidya
Updated:
विज्ञापन

हॉस्पिटल की सांकेतिक तस्वीर. (AI Image)

गोड्डा सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और उसके बच्चे की मौत। स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।

विज्ञापन

सरकार और स्वास्थ्य विभाग जहां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के दावे कर रहे हैं, वहीं गोड्डा सदर अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिये हैं. जानकारी के अनुसार, पथरगामा थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव निवासी 25 वर्षीय गर्भवती बीरमा देवी को प्रसव के लिए गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया था. उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी. गर्भ में पल रहे लगभग आठ माह के शिशु की भी जान नहीं बचायी जा सकी.

आपके शहर में

विज्ञापन

डॉक्टरों ने खून की कमी को बताया मौत का कारण

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, महिला गंभीर एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित थी. प्रसव के दौरान उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती गयी और अत्यधिक रक्त की कमी एवं शारीरिक कमजोरी के कारण जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गयी. गौरतलब है कि गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से आयरन-फॉलिक एसिड की गोलियां वितरित करने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था है. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या मृतका की गर्भावस्था के दौरान समय पर आवश्यक जांच और उपचार किया गया था.

एक माह पहले हुई थी पति की मौत

परिजनों के अनुसार, बीरमा देवी के पति का करीब एक माह पहले दिल्ली में निधन हो गया था. पति की मौत के सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि इस घटना ने परिवार पर एक और बड़ा दुख का पहाड़ तोड़ दिया. बीरमा देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गयी हैं, जिनके सिर से अब माता-पिता दोनों का साया उठ गया है.

शव छोड़कर चली गयी सास

घटना के बाद अस्पताल परिसर में एक संवेदनशील स्थिति भी सामने आयी. बताया जाता है कि महिला और गर्भस्थ शिशु की मृत्यु के बाद उसकी सास अस्पताल से चली गयी और शव वहीं छोड़ दिया. बाद में पुलिस और मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करायी. अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पोस्टमार्टम के बाद शव मृतका के मायके, पथरगामा थाना क्षेत्र के लसोतिया गांव निवासी परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola