अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस में यात्रियों से लाखों की लूट

Updated at : 06 Mar 2017 5:47 AM (IST)
विज्ञापन
अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस में यात्रियों से लाखों की लूट

खाकी वर्दी पहने पांच लोगों ने घटना को दिया अंजाम, मारपीट भी कीबिलासपुर-रायगढ़ के बीच हावड़ा आ रही ट्रेन में हुई घटनाझारखंड के तीन यात्रियों ने राउरकेला में शिकायत कीयात्रियों की जेब से एक-एक पैसे निकाल लियाभोजन व घर जाने तक के रुपये नहीं बचे यात्रियों के पासवृद्ध के पास से 53 हजार रुपये लूट […]

विज्ञापन

खाकी वर्दी पहने पांच लोगों ने घटना को दिया अंजाम, मारपीट भी की
बिलासपुर-रायगढ़ के बीच हावड़ा आ रही ट्रेन में हुई घटना
झारखंड के तीन यात्रियों ने राउरकेला में शिकायत की
यात्रियों की जेब से एक-एक पैसे निकाल लिया
भोजन व घर जाने तक के रुपये नहीं बचे यात्रियों के पास
वृद्ध के पास से 53 हजार रुपये लूट लिये गये

किरीबुरू : बिलासपुर और रायगढ़ स्टेशन के बीच अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में शनिवार की रात करीब 2.15 बजे खाकी वर्दी पहने पांच लोगों ने हथियार के बल पर दर्जनों यात्रियों से मारपीट कर लाखों रुपये लूट लिये. लूटपाट के शिकार झारखंड के तीन यात्रियों ने राउरकेला स्टेशन में आरपीएफ से शिकायत की है. इनमें थेथाटांगर (सिमडेगा) थानांतर्गत बंबलकेरा गांव का शरण टोप्नो (31 वर्ष), गोइलकेरा के रुधीकोचा गांव के पुशु बारा (29 वर्ष) और मनोहरपुर के नंदपुर गांव के चाचा-भतीजा सुना बरुआ व विजय बरुआ शामिल हैं.
बिलासपुर में चढ़े थे लुटेरे, एक के नेम प्लेट पर शंकर लिखा था

लूटपाट के शिकार शरण टोप्नो से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वह सूरत से उक्त ट्रेन में आ रहे थे. उनकी बोगी में बिलासपुर स्टेशन पर हथियार से लैस खाकी वर्दी में पांच लोग चढ़े. इनमें से एक के नेम प्लेट पर शंकर लिखा था. ट्रेन जैसे ही बिलासपुर से निकली उन लोगों ने यात्रियों से लूटपाट व मारपीट शुरू कर दी. मुझे भी पीटा और 7,500 रुपये नकद व अन्य पहचान पत्र आदि कागजात छीन लिया. शरण ने बताया कि अपराधियों ने मेरे सामने एक वृद्ध से 53 हजार रुपये लूट लिये. वृद्ध रोते हुए यह वाक्या बताया. मेरी बोगी से पांचों अपराधियों ने ढाई-तीन लाख रुपये लूटे. श्री शरण ने बताया कि उक्त लोग यात्रियों से साथ बेरहमी से पेश आ रहे थे. मेरे पास एक पैसा भी नहीं बचा. लोगों से लिफ्ट लेकर मुश्किल से अपने घर पहुंचा हूं.

यात्रियों से पैसे छीन लिये: लूट के शिकार पुशु बारा से दो हजार और सुना बरुवा व विजय बरुआ से एक हजार व कागजात लूटे गये. चारों ने राउरकेला में आरपीएफ से शिकायत की. विजय बरुआ ने दूरभाष पर बताया कि घर में शादी है. इस कारण चाचा-भतीजा उक्त ट्रेन से आ रहे थे. हमसे सब कुछ लूट लिया गया. इस कारण राउरकेला में ज्यादा देर नहीं रुका. अपने घर चला आया. कई यात्रियों के पास पैसे नहीं बचे थे. वह अपने घर कैसे गये होंगे, पता नहीं. घटना को लेकर यात्रियों में आक्रोश था.
राउरकेला में मौखिक शिकायत हुई है : इंस्पेक्टर
इस संबंध में राउरकेला जीआरपी के इंस्पेक्टर जेम्स समद ने बताया कि ऐसी घटना हुई है, लेकिन हमारे क्षेत्र में नहीं. यह घटना रायगढ़-बिलासपुर के बीच घटी है. घटना के शिकार कुछ लोगों ने हमारे कार्यालय में शिकायत की है. बिलासपुर के आरपीएफ अधिकारियों से संपर्क कर घटना से अवगत कराने का प्रयास हो रहा है. शिकायतकर्ता ने मौखिक रूप से शिकायत की है. उनसे लिखित शिकायत पत्र लेकर बिलासपुर आरपीएफ व जीआरपी को भेजा जायेगा. दूसरी तरफ बिलासपुर के आरपीएफ अधिकारियों ने भी इस तरह की घटना से इनकार किया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola