अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, जेवरात, नकदी और बाइक बरामद

मामले की जानकारी देते एसपी श्रीकांत एस खोटरे | Prabhat Khabar Network
सिमडेगा पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से जेवरात और नकदी बरामद की गई है.
सिमडेगा: चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए सिमडेगा पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात, नकदी, मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं. मामले का खुलासा रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने किया. प्रेस वार्ता में केरसई थाना प्रभारी विनायक कुमार पांडेय, सिमडेगा थाना प्रभारी संतोष कुमार राय, एसआई सोनू पाठक और एसआई चंद्र मोहन होरो मौजूद रहे.
छापेमारी कर दोनों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, सिमडेगा थाना कांड संख्या 92/2026, दिनांक 5 जुलाई 2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत दर्ज चोरी के मामले की जांच के दौरान मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में जशपुर (छत्तीसगढ़) के तपकरा थाना क्षेत्र के सुहिजो गांव निवासी 19 वर्षीय अनिकेत टोप्पो और वर्तमान में तपकरा थाना क्षेत्र में रह रहे गुमला निवासी 22 वर्षीय सैफ अली शामिल हैं. पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
चोरी की घटनाओं को पहले भी अंजाम दे चुके हैं अरोपी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, नकद राशि, एक पल्सर मोटरसाइकिल और चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं. जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी सिमडेगा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं. इसके आधार पर सिमडेगा थाना कांड संख्या 87/2026, दिनांक 21 जून 2026 में भी उनकी संलिप्तता पाई गई है.
चोरी की 5 घटनाओं का पुलिस ने किया उद्भेदन
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने गुमला जिले के करौंदी, फसिया और आनंद नगर समेत कई अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है. गुमला पुलिस के सहयोग से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और चोरी में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया गया है. इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर कुल पांच चोरी की घटनाओं का उद्भेदन किया है. बरामद सामान को जब्त कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










