नीट पेपर लीक: सरायकेला में झामुमो ने फूंका केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला

नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरायकेला में झामुमो ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका और इस्तीफे की मांग की. जानें पूरी खबर विस्तार से.
नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने सरायकेला स्थित गैरेज चौक पर विरोध प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका. कार्यक्रम में झामुमो नेता गणेश महाली और सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी उपस्थित थे. जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों को ठगने का काम कर रही है.
कड़ी मेहनत के बाद पेपर लीक होने से छात्र डिप्रेशन में जा रहे हैं. आत्महत्या जैसा कदम उठाने को विवश हैं. उन्होंने मांग की है कि केंद्र सरकार पीड़ित परिवारों को मुआवजा दे तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा दें.
झामुमो नेता गणेश महाली और मनोज चौधरी ने कहा कि दिन-रात मेहनत करने वाले लाखों परीक्षार्थियों का भविष्य आज अंधकार में है. सालाना दो करोड़ रोजगार का वादा करने वाली भाजपा सरकार देश की शिक्षा व्यवस्था को रसातल में ले आयी है. प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, नपं उपाध्यक्ष अविनाश कवि, अनूप सिंहदेव, कृष्णा राणा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










