ePaper

खरसावां : नक्सली हमले में तीन जवान घायल

Updated at : 21 May 2019 2:40 AM (IST)
विज्ञापन
खरसावां : नक्सली हमले में तीन जवान घायल

सरायकेला/खरसावां : खरसावां के हुड़ांगदा-नारायणबेड़ा मार्ग पर सोमवार को नक्सलियों ने सुरक्षाबल के काफिले पर हमला कर दिया. जवानों ने भी इस हमले का करारा जवाब दिया. मुठभेड़ में सैफ के दो जवानों को गोली लगी है. वहीं जिला बल का एक जवान घायल है. तीनों घायलों को सरायकेला में प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर […]

विज्ञापन
सरायकेला/खरसावां : खरसावां के हुड़ांगदा-नारायणबेड़ा मार्ग पर सोमवार को नक्सलियों ने सुरक्षाबल के काफिले पर हमला कर दिया. जवानों ने भी इस हमले का करारा जवाब दिया. मुठभेड़ में सैफ के दो जवानों को गोली लगी है. वहीं जिला बल का एक जवान घायल है. तीनों घायलों को सरायकेला में प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से रांची भेज दिया गया.
पुलिस ने एक नक्सली के घायल होने की बात कही है. सुबह 8.30 बजे एक कैपियर वाहन से सैफ के 10 व जिला पुलिस के दो जवान शुरू सिंचाई योजना के निर्माण स्थल की ओर जा रहे थे. जैसे ही जवानों का दल हुड़ांगदा के पास पहुंचा, नक्सलियों ने तीन इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइइडी) विस्फोट किया.
संयोग से वाहन विस्फोट की चपेट में आने से बच गया. इसके बाद घात लगाये बैठे नक्सलियों ने जवानों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी. दोनों ओर से लगभग 45 मिनट तक रुक-रुक कर फायरिंग होती रही. बाद में सुरक्षाबल के जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की ओर भाग गये.
बोले एसडीपीओ- मुठभेड़ में 25-30 नक्सली शामिल थे
मुठभेड़ में हार्डकोर नक्सली महाराज प्रमाणिक दस्ते का हाथ होने की आशंका जतायी जा रही है. साथ ही पुलिस की गोली से एक बड़े नक्सली के घायल होने की सूचना है. घटनास्थल पर पड़े खून के धब्बे से नक्सली को गोली लगने की बात सामने आ रही है. एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि 25-30 की संख्या में आये नक्सलियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षाबल के जवानों ने भी करारा जवाब दिया.
सैफ के दो जवानों को लगी गोली
फायरिंग में सैफ के हवलदार हरेराम सिंह (55) को बांह व सिपाही माखन लाल सिंह (40) को पेट में गोली लगी है. जिला पुलिस के जवान कृष्णा कुदादा के कान के पास चोट लगी है. सैफ के घायल हवलदार हरेराम सिंह आरा व सिपाही माखन लाल सिंह जहानाबाद के रहनेवाले हैं. जिला पुलिस का जवान कृष्णा कुदादा पश्चिमी सिंहभूम के चीमीहातु गांव का रहनेवाला है.
मुठभेड़ के बाद चलाया गया सर्च अभियान
मुठभेड़ के बाद एसपी चंदन कुमार सिन्हा, एएसपी अभियान विवेकानंद सिंह व सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया जा रहा है. कोल्हान के डीआइजी कुलदीप द्विवेदी ने सरायकेला पहुंचकर नक्सली हमले के संबंध में विस्तार से जानकारी ली.
डैम निर्माण स्थल की ओर जा रहे सुरक्षा बल पर पहले से घात लगा कर बैठे नक्सलियों ने हमला किया है. सुरक्षाबलों ने भी इसका करारा जवाब दिया है. इस मुठभेड़ में तीन जवान घायल हुए हैं. नक्सलियों को भी गोली लगने की सूचना है. जंगल का फायदा उठा कर नक्सली भागने में सफल रहे.
कुलदीप द्विवेदी, डीआइजी, कोल्हान
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola