गजब कारनामा! सड़क छोड़ रेलवे ट्रैक पर दौड़ी ट्रैक्टर, चालक गिरफ्तार
रेलवे ट्रैक पर चलता हुआ ट्रैक्टर | Prabhat Khabar Network
अवैध रूप से रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर चलाने के मामले में RPF ने की कार्रवाई. ट्रैक्टर जब्त, मालिक गिरफ्तार.
तीनपहाड़. मालदा रेल मंडल के तीनपहाड़-राजमहल रेलखंड स्थित मुरली हॉल्ट स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर चलाने के मामले में आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. साथ ही ट्रैक्टर के चालक सह मालिक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से वाहन चलाये जाने की सूचना के बाद आरपीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की.
अंडरपास निर्माण के लिए हो रही थी सामान की ढुलाई
जानकारी के अनुसार, मुरली हॉल्ट स्टेशन के समीप अंडरपास निर्माण का कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य में ट्रैक्टर के माध्यम से सामान की ढुलाई की जा रही है. इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक द्वारा रेलवे ट्रैक पर ही ट्रैक्टर चलाये जाने की सूचना आरपीएफ को मिली.
सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच की. जांच के दौरान रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर चलाये जाने की पुष्टि हुई.
आरपीएफ ने ट्रैक्टर किया जब्त
मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को देने के बाद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के एसआई एके दुबे, अमरेश कुमार और एसी दास ने कार्रवाई करते हुए संबंधित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
जांच में ट्रैक्टर महादेवपुर निवासी रंजीत साहा का पाया गया. आरपीएफ के अनुसार, रंजीत साहा ही ट्रैक्टर चला रहा था.
मामले को लेकर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा में दर्ज किया गया है. रेलवे एक्ट की धारा 153, 159 और 149 के तहत मामला दर्ज करते हुए ट्रैक्टर चालक सह मालिक रंजीत साहा को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया.
रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत आवाजाही पर आरपीएफ सख्त
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि चालक द्वारा रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर चलाया जा रहा था. सूचना मिलने के बाद मौके पर जांच की गयी और वाहन को जब्त कर लिया गया. उन्होंने बताया कि मामले में केस दर्ज कर चालक को गिरफ्तार किया गया है.
रेलवे ट्रैक पर किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि को लेकर आरपीएफ की ओर से सख्ती बरती जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि रेल परिचालन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीप सिंह
दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




