राजमहल में मनसा पूजा विसर्जन से लौट रहे व्यक्ति को हाइवा ने कुचला, मौके पर मौत

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में पुलिस पदाधिकारी व परिजन | Prabhat Khabar Network

राजमहल-तीनपहाड़ मुख्यपथ पर तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत.

विज्ञापन

राजमहल. तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के राजमहल-तीनपहाड़ मुख्यपथ पर बुधहटिया के समीप बुधवार देर रात तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से खैरबन्नी गांव निवासी सुभाष कुमार महतो (36), पिता विनोद महतो की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये.

विषहरी पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन में हुए थे शामिल

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गांव में विषहरी पूजा का आयोजन किया गया था. पूजा संपन्न होने के बाद सुभाष कुमार महतो मूर्ति विसर्जन में शामिल हुए थे. विसर्जन के बाद वह अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बुधहटिया के समीप तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुभाष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर फरार हो गया.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सुभाष को राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सक डॉ. उदय टुडू ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक के भतीजे सुबोध कुमार महतो ने बताया कि विषहरी पूजा के बाद सुभाष मूर्ति विसर्जन में शामिल हुए थे. विसर्जन के बाद घर लौटने के दौरान बुधहटिया के पास हाइवा की चपेट में आने से उनकी मौत हो गयी.

पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम, हाइवा की तलाश

ग्रामीणों ने घटना की सूचना तीनपहाड़ थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

पुलिस दुर्घटना में शामिल हाइवा और उसके चालक की पहचान में जुटी है. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गये सुभाष

हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे. सुभाष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बताया गया कि मृतक अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गये हैं. परिवार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से सुभाष के कंधों पर थी. उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.


विज्ञापन
दीप सिंह

लेखक के बारे में

By दीप सिंह

दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola