मालदा स्टेशन पर बदली तस्वीर! अब यात्रियों को 24 घंटे मिलेगी दवा और गर्मागर्म खाना
खुला मोबाइल फूड वैन| Prabhat Khabar Network
मालदा टाउन स्टेशन पर यात्रियों को अब 24 घंटे दवा 'दवा दोस्त' स्टोर और ताज़े भोजन की मोबाइल वैन की सुविधा मिलेगी.
साहिबगंज.यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर दो नई सुविधाओं की शुरुआत की है. स्टेशन पर ‘दवा दोस्त’ मेडिकल स्टोर और ‘मोबाइल फूड वैन’ की सुविधा शुरू की गयी है. इन दोनों सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों और स्टेशन पर आने वाले अन्य लोगों को जरूरत की सेवाएं स्टेशन परिसर में ही उपलब्ध कराना है.
आपके शहर में
एक ही जगह दवा और भोजन की सुविधा
मालदा टाउन स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में शुरू की गयी मोबाइल फूड वैन से यात्रियों और आगंतुकों को ताजा, स्वच्छ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण भोजन व स्नैक्स उपलब्ध होंगे. इससे यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करते समय स्टेशन परिसर से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी.
वहीं, ‘दवा दोस्त’ मेडिकल स्टोर पर ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं के साथ सामान्य रूप से इस्तेमाल होने वाली अन्य दवाएं और स्वास्थ्य व व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पाद उपलब्ध रहेंगे.
महिलाओं और बच्चों के लिए भी जरूरी सामान
‘दवा दोस्त’ स्टोर में महिलाओं की देखभाल से संबंधित उत्पादों के साथ शिशु देखभाल सामग्री तथा शिशु एवं मातृ आहार उत्पाद भी उपलब्ध कराये जायेंगे. इससे सफर के दौरान अचानक जरूरत पड़ने पर यात्रियों को जरूरी सामान आसानी से मिल सकेगा.
24 घंटे खुला रहेगा ‘दवा दोस्त’ स्टोर
‘दवा दोस्त’ मेडिकल स्टोर की सबसे खास सुविधा इसकी 24×7 उपलब्धता है. यानी यात्री दिन हो या रात, किसी भी समय आवश्यक दवाएं और संबंधित उत्पाद खरीद सकेंगे. खासकर रात में ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी.

तीन स्टेशनों पर पहले से सुविधा, अब बरहरवा तक विस्तार की तैयारी
वर्तमान में मालदा मंडल के तीन स्टेशनों मालदा टाउन, भागलपुर और जमालपुर में ‘दवा दोस्त’ सुविधा संचालित हो रही है. रेलवे की योजना भविष्य में इस सुविधा को मंडल के अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों तक पहुंचाने की है. इसमें सुल्तानगंज, पीरपैंती और बरहरवा स्टेशन भी शामिल हैं.
दोनों सुविधाओं की शुरुआत मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में की गयी है.
‘दवा दोस्त’ मेडिकल स्टोर और मोबाइल फूड वैन दोनों को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थापित किया गया है. इससे यात्रियों के लिए इन तक पहुंच आसान होगी. खासकर अधिक यात्री आवागमन के समय स्टेशन परिसर में ही भोजन और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.
मालदा मंडल की इन पहलों से यात्री सुविधाओं में विस्तार होने के साथ स्टेशन परिसर में यात्रियों को आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में रेलवे के प्रयासों को मजबूती मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुनील ठाकुर
साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








