चार हजार गांवों के लिए जनजाति विकास योजना, सिदो-कान्हू के सभी 14 वंशजों को मिलेगा आवास

Published at :01 Jul 2015 6:19 AM (IST)
विज्ञापन
चार हजार गांवों के लिए जनजाति विकास योजना, सिदो-कान्हू के सभी 14 वंशजों को मिलेगा आवास

घोषणा. सिदो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह में मुख्यमंत्री ने कहा पहले चरण में एक हजार गांव शामिल साहेबगंज : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सरकार अनुसूचित जनजाति विकास योजना शुरू करने जा रही है. यह योजना जनजाति बहुल चार हजार गांवों में लागू की जायेगी. पहले चरण के तहत 1000 गांवों का चयन किया […]

विज्ञापन
घोषणा. सिदो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह में मुख्यमंत्री ने कहा
पहले चरण में एक हजार गांव शामिल
साहेबगंज : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सरकार अनुसूचित जनजाति विकास योजना शुरू करने जा रही है. यह योजना जनजाति बहुल चार हजार गांवों में लागू की जायेगी. पहले चरण के तहत 1000 गांवों का चयन किया जायेगा. इन गांवों को 2019 तक विकसित कर दिया जायेगा. मुख्यमंत्री मंगलवार को हूल दिवस के अवसर पर सिदो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह में विकास मेले को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कहा : झारखंड में जल्द ही पहाड़िया बटालियन बनेगी. इसमें पहाड़िया जनजाति के 1100 लोगों को नियुक्त किया जायेगा. सातवीं पास पहाड़िया की सीधी नियुक्ति की जायेगी. उनकी कद-काठी की कोई बाधा नहीं होगी.
पहाड़िया व आदिवासी गांवों तक पाइप लाइन बिछा कर पानी दिया जायेगा. गांवों तक जाने के लिए सड़क बनायी जायेगी.
सांस्कृतिक टूरिज्म का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा : शिवगादी, देवघर, मलूटी और अन्य धार्मिक स्थलों को एक सर्किट बना कर राज्य को देश के नक्शे पर लाया जायेगा. धार्मिक स्थलों को विकसित कर सांस्कृतिक टूरिज्म का विकास किया जायेगा. इस दिशा में सरकार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है. उन्होंने कहा : भोगनाडीह के अलावा बिरसा मुंडा के गांव उलीहातू और रामदयाल मुंडा के गांव को स्मार्ट ग्राम बनाया जायेगा. इन गांवों का ऐसा सौंदर्यीकरण किया जायेगा कि लोग प्रतिदिन यहां आ सके.
तीन माह में बायोमिट्रिक सिस्टम
उन्होंने कहा : राइट टू सर्विस एक्ट के तहत पूरे राज्य में कार्य शुरू किया गया है. जाति, आय, निवास, मृत्यु व जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन और प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से बन रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर कहीं भ्रष्टाचार दिखता है, तो गुमनाम पत्र दें या टॉल फ्री नंबर 181 पर सूचना दें.
निगरानी की टीम सभी कमिश्नरी में तैनात है. मुख्यमंत्री ने कहा : राज्य में कालाबाजारी रोकने के लिए तीन माह में बायोमिट्रिक सिस्टम लागू होगा. इससे गरीबों को राशन मिलने में दिक्कत नहीं होगी. जमीन के दस्तावेज को ऑनलाइन किया जा रहा है. कंप्यूटराइजेशन का काम चल रहा है. 15 नवंबर से लोग जमीन का म्यूटेशन घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे.
गंगा का पानी छह जिलों में पहुंचेगा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की : साहेबगंज शहर को स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा. दो माह में साहेबगंज-मनिहारी के बीच गंगा पुल और बंदरगाह का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. इसके लिए साहेबगंज व राजमहल के 14 घाटों का चयन किया गया है. इनमें दो घाट का सौंदर्यीकरण टाटा कंपनी सीएसआर के तहत करेगी. गंगा से छह जिलों में पानी पहुंचाने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है. गुमानी जलाशय योजना शुरू होते ही खेतों में पानी पहुंचाने का काम शुरू हो जायेगा.
अगला बजट गरीबों के लिए
मुख्यमंत्री ने कहा : 2016-17 का बजट गांव के गरीबों के विकास को ध्यान में रख कर बनाया जा रहा है. सरकार रोजगार के साथ गांवों के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दे रही है. महिला स्वयं सहायता समूह को प्रशिक्षण दिया जायेगा, ताकि वे अपने भौगोलिक व आर्थिक स्थिति का आकलन करते हुए स्वरोजगार कर सकें. उनके प्रशिक्षित हो जाने पर सरकार जूट व पेपर मील की स्थापना पर काम करेगी.
पहाड़िया बटालियन का गठन जल्द
– सातवीं पास पहाड़ियों की सीधी नियुक्ति
– भोगनाडीह, उलीहातू और रामदयाल मुंडा के गांव बनेंगे स्मार्ट ग्राम
– अगस्त तक पीएम करेंगे साहेबगंज गंगा पुल व बंदरगाह निर्माण का शिलान्यास
– हर बीपीएल परिवार को 15 अगस्त से पहले दो मेडिकेटेड मच्छरदानी मिलेगी
राज्य में नियुक्तियों की भरमार
सीएम ने कहा : 10 हजार सिपाही की नियुक्ति सामान्य जाति के लिए जल्द होगी. शीघ्र ही 18 हजार शिक्षकों की बहाली की जायेगी. 800 उर्दू शिक्षक नियुक्त किये जायेंगे.
सिदो-कान्हू के सभी 14 वंशजों को मिलेगा आवास
साहेबगंज : मुख्यमंत्री ने भोगनाडीह में सिदो-कान्हू के वंशजों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कहा : भोगनाडीह में सभी व्यवस्था मुहैया करायी जायेगी. इसे स्मार्ट ग्राम बनाया जायेगा. उन्होंने बीडीओ को सात दिनों में और डीसी को 10 दिनों में रिपोर्ट सौंपने को कहा.
उन्होंने सिदो कान्हू के वंशज के सभी 14 परिवार को भोगनाडीह में एक ही जगह पर आवास बना कर देने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा : वंशज के चार परिवार को ही आवास मुहैया कराया गया है. यह पिछली सरकार की नाकामी का नतीजा है. नयी सरकार सभी वंशज परिवारों को आवास मुहैया करायेगी. उन्होंने कहा : भोगनाडीह को पर्यटक स्थल बनाया जायेगा. साल में दो बार नहीं, अब लोग प्रतिदिन यहां आकर रहेंगे.
परिजनों की स्कूल फीस माफ करने को कहा : उन्होंने सिदो-कान्हू के वंशज के परिजनों की सरकारी व निजी स्कूलों में फीस माफ करने पर ध्यान देने की बात डीसी से कही. कहा : परिजनों को सरकारी सहायता व नौकरी दिलाने का प्रयास किया जायेगा. परिजनों ने स्कूल में पढ़ाई नहीं होने और कई सरकारी सुविधा नहीं मिलने की शिकायत की है, इसे ठीक किया जायेगा.
दुमका भी गये
भोगनाडीह के बाद सीएम दुमका गये. दुमका जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर गांदो गांव में आयोजित खेलकूद कार्यक्रम में हिस्सा लिया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा : अब इस राज्य में विकास का हूल होगा और सुशासन का उलगुलान होगा. उन्होंने ऐतिहासिक गांदो गांव को प्रखंड का दरजा देने की घोषणा की.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola