तीनपहाड़ स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी सफलता, चार शातिर चोर धराये

साहिबगंज (फाइल फोटो)
ट्रेन और स्टेशन पर चोरी की घटनाओं में संलिप्त, चोरी के चार मोबाइल और 7,700 रुपये नकद बरामद
तीनपहाड़
मालदा रेल मंडल के तीनपहाड़ और कल्याणचक रेलवे स्टेशन पर बीते मंगलवार को आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया. इसमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. आरपीएफ ने इन सभी को बरहरवा पोस्ट पर पूछताछ के लिए लाया. आरपीएफ को सूचना मिली थी कि ये गिरोह यात्रियों के पैकेट और पर्स से पैसे और कीमती मोबाइल चोरी कर रहा है. आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार और उनकी टीम ने कड़ी पूछताछ के दौरान इन चोरों के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल और 7,700 रुपये नकद बरामद किये. गिरफ्तार किये गये सभी आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के रहने वाले हैं. मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार चार लोगों में से एक महिला ने ट्रेन में एक यात्री का चैन निकालने का प्रयास किया, लेकिन यात्री ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद वह महिला भाग गयी, लेकिन आरपीएफ ने उसे लगातार निगरानी में रखते हुए पकड़ लिया. उसके साथ दो अन्य महिलाएं ट्रेन में चढ़ीं, जिन्हें तीनपहाड़ स्टेशन पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया. इसके अलावा, कल्याणचक स्टेशन पर अन्य सहयोगियों को सहिबगंज आरपीएफ की मदद से पकड़ा गया और सभी को बरहरवा लाया गया. आरपीएफ द्वारा पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों के नाम चम्पा देवी (उम्र 33 वर्ष, पति जोगिंद्र पासी), लक्ष्मी देवी (उम्र 38 वर्ष, पति सपन पासी), जोगेंद्र पासी (उम्र 38 वर्ष, पिता स्वर्गीय नगीना पासी), सपन पासी (उम्र 40 वर्ष, पिता स्व नगीना पासी) हैं, सभी आरोपी आम बागान थाना क्षेत्र के हिल रोड, मिहिजाम, जामताड़ा के निवासी हैं.बरामद मोबाइल और नकद राशि
आरपीएफ ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल और नगद राशि बरामद किया है. नकद राशि में 7,700 रुपये है, जबकि मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 35,000 रुपये है. इस कार्रवाई में आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार, एएसआइ जलेश्वर कुमार दुबे, सिटी अनिल कुमार साह, अमरेश कुमार, जय कुमार सिंह, सतीश कुमार, सीपीडीएस टीम के अमन कुमार मोदी, अमित कुमार यादव, जितेन्द्र कुमार राम और महिला कास्टेबल अर्पण कुमारी व काजल कुमारी शामिल थे. सभी आरोपियों को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जीआरपी रेल थाना बरहरवा के सुपुर्द किया गया.
तीनपहाड़ स्टेशन पर हुई बड़ी चोरी मालदा रेल मंडल के तीनपहाड़ स्टेशन पर पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की अजंता दा नामक महिला यात्री के पर्स से लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी किये गये थे. दो दिन बाद मंगलहाट की यात्री नम्रता कुमारी का मोबाइल चोरी हुआ. आरपीएफ ने इन घटनाओं के बाद बरहरवा से लेकर तीनपहाड़ तक हर ट्रेन की सघन निगरानी रखी. जवान आम आदमी के रूप में यात्रा करने वालों पर नजर रख रहे थे. आरपीएफ के अनुसार, यह गिरोह बहुत शातिर है और छोटे बच्चों का उपयोग चोरी की घटनाओं में करता है. हालांकि, टीम की सतर्कता के कारण किसी को बचना मुश्किल है. इस गिरफ्तारी से आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है और यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.कहते हैं आरपीएफ इंस्पेक्टर
आरपीएफ इंस्पेक्टर ने कहा कि बरहरवा आरपीएफ को चोरी मामले में दो टीम को अभी तक पकड़ा गया है. लेकिन मुख्य चोर की अभी भी तलाश है टीम लगी है जल्द ही वह भी पकड़ा जायेगा.संजीव कुमार ,आरपीएफ इंस्पेक्टर ,बरहरवा
कहते हैं रेल थाना प्रभारी
टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. उनके कब्जे से चोरी के मोबाइल और नकद राशि बरामद हुई. इस मामले में बरहरवा रेल थाना में कांड संख्या 19/26, धारा 303(2), 317(2), 03(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है. सभी आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है.– रेल थाना प्रभारी, जीआरपी बरहरवा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










