श्रावणी मेला के दौरान बिना अनुमति विद्युतीकरण, असुरक्षित वायरिंग पर रोक

Updated:
विज्ञापन
तीन कॉलम... श्रावणी मेला: सुरक्षित विद्युतीकरण के लिए 13 निर्देश जारी

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान पंडालों में सुरक्षित बिजली व्यवस्था के लिए प्रशासन ने 13 महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नियमों का पालन अनिवार्य है।

विज्ञापन

रांची: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान पंडालों में अस्थायी विद्युतीकरण को सुरक्षित बनाने के लिए मुख्य विद्युत निरीक्षक, विद्युत निरीक्षणालय अगम प्रसाद ने आयोजकों और दुकानदारों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये हैं. निर्देश में कहा गया है कि अस्थायी विद्युत व्यवस्था केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सुरक्षा तथा विद्युत आपूर्ति संबंधी उपाय) विनियम-2010 के प्रावधानों के अनुरूप ही की जाये.

जारी सूचना के अनुसार, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) की अनुमति और विद्युत भार स्वीकृति मिलने के बाद ही पंडालों में विद्युतीकरण कराया जाये. प्रत्येक पंडाल में कम-से-कम दो अर्थिंग की व्यवस्था अनिवार्य होगी. सभी विद्युत उपकरणों और धातु संरचनाओं की भी समुचित अर्थिंग करनी होगी.

भीड़ वाली जगह पर कंट्रोल रूम न बनायें

विद्युत नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) ऐसी जगह बनाने को कहा गया है, जहां श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं हो और विद्युतकर्मियों की आवाजाही आसान रहे. जनरेटर को नियमानुसार लगाने, उचित क्षमता के मेन स्विच व चेंजओवर स्विच लगाने तथा सुरक्षित अर्थिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. सूचना में कहा गया है कि लोड के अनुरूप ही तार और केबल का उपयोग किया जाये. किसी भी परिस्थिति में अंडर साइज तार या केबल का इस्तेमाल नहीं किया जाये. थ्री-पिन प्लग और सॉकेट का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाये.

स्विच बोर्ड और खुले तार बच्चों की पहुंच से दूर रखे जायें. एलटी लाइन से हुक लगाकर सर्विस लाइन लेना पूरी तरह अनुचित बताया गया है, क्योंकि इससे अग्निकांड और हादसे की आशंका रहती है. कंट्रोल रूम में रबर मैट, अग्निशामक यंत्र, सूखी बालू से भरी बाल्टी, शॉक ट्रीटमेंट चार्ट, खतरे का संकेतक बोर्ड और रबर ग्लव्स रखने का भी निर्देश दिया गया है. कटे-फटे तारों का उपयोग नहीं करने, तारों के जोड़ को इंसुलेशन टेप से अच्छी तरह ढंकने तथा केवल आइएसआइ मार्क वाले विद्युत उपकरण और सामग्री के उपयोग पर जोर दिया गया है.

सड़क पार करने वाली विद्युत लाइन को जीआइ बेयरर वायर के सहारे पर्याप्त ऊंचाई पर ले जाने या आवश्यकता होने पर भूमिगत केबल बिछाने का निर्देश भी दिया गया है. विभाग ने राज्य में जहां भी श्रावणी महोत्सव हो रहा है, वहां के लोगों से अपील की है कि बिजली का सही इस्तेमाल करें, क्योंकि लापरवाही जीवन के लिए घातक साबित हो सकती है.


विज्ञापन
Sunil Choudhary

लेखक के बारे में

By Sunil Choudhary

25 वर्षों से पत्रकारिता कर रहा हूँ.हार्ड न्यूज़ से राजनीतिक खबर करता रहा हूँ.वर्तमान में मुख्यमंत्री, पावर,इंडस्ट्रीज, माइंस संबंधित मामलों पर रिपोर्ट करता हूँ. बीबीसी,पैनोस और झारखंड सरकार से फेलोशिप ले चुका हूँ।कई बार अवार्ड ले चुका हूँ.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola