आधुनिक सुविधायुक्त होगा खलारी का सीएचसी

Updated at : 11 Jun 2025 9:03 PM (IST)
विज्ञापन
आधुनिक सुविधायुक्त होगा खलारी का सीएचसी

खलारी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जल्द शुरू होगा.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, खलारी.

खलारी प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जल्द शुरू होगा. झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के अभियंताओं की टीम निर्माण एजेंसी के साथ चयनित स्थल पर बुधवार को पहुंची. निर्माण स्थल की मापी की गयी तथा जमीन के अंदर मिट्टी की सतह देखी गयी. बताया गया कि प्रखंड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जिले का पहला सीएचसी होगा, जहां सदर अस्पताल के बाद सर्वाधिक सुविधाएं होंगी. भवन तीन मंजिला बनेगा. 50 बेड का अस्पताल होगा. सीएचसी में आधुनिक सुविधाओं से लैस आपरेशन थिएटर भी होंगे. पहला सीएचसी होगा, जहां ब्लड बैंक की सुविधा होगी. पैथोलॉजी व रेडियोलोजी जांच के लिए आधुनिक मशीनें उपलब्ध करायी जायेंगी. ओपीडी के अलावा 24 घंटे आपात सुविधा उपलब्ध होंगी. सीएचसी के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ अनुभवी चिकित्साकर्मी होंगे. सरकार द्वारा उपलब्ध सभी प्रकार की दवाएं नि:शुल्क मिलेंगी. निर्माण एजेंसी ने बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जायेगा. मालूम हो कि खलारी प्रखंड का सृजन फरवरी 2009 में हुआ है. परंतु सीएचसी नहीं होने के कारण यहां की स्वास्थ्य सुविधा आज भी बुढ़मू सीएचसी पर निर्भर है.

केंद्र संपोषित इसीआरपी-टू मद से होगा सीएचसी का निर्माण : खलारी में सीएचसी का निर्माण केंद्र संपोषित इसीआरपी-टू मद से किया जाना है. कोविड-19 महामारी संक्रमण के प्रभावी प्रबंधन के लिए केंद्र सरकार द्वारा झारखंड सरकार के लिए इमरजेंसी कोविड-19 रिस्पांस पैकेज-टू (इसीआरपी-टू) अंतर्गत 638.9 करोड़ रुपये का पैकेज स्वीकृत किया गया. जिसमें व्यय के बाद 106.40 करोड़ रुपये बचत दिखा है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राज्य सरकार को निर्देशित किया गया कि बचत की राशि से आधारभूत संरचना सुदृढ़ करें और समुचित निर्णय ले सकते हैं. इसी आलोक में खलारी सीएचसी के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिली.

मुहर्रम मेला स्थल पर सीएचसी नहीं बनने देंगे : कमेटी :

सेंट्रल मुहर्रम कमेटी खलारी ने सीएचसी निर्माण का विरोध शुरू कर दिया है. विभागीय अभियंताओं के जाने के बाद बुधवार को कमेटी के लोग वहां जुटे. कमेटी के अब्दुल्ला अंसारी, मो बशीर, सुलतान अंसारी आदि ने कहा कि खलारी थाना के नये भवन और बैंक चौक के बीच जिस जगह का चयन सीएचसी निर्माण के लिए किया गया है, वहां वर्षों से मुहर्रम के दिन खेल प्रतियोगिता व मेला का आयोजन होता आ रहा है. इसलिए उक्त जगह में सीएचसी नहीं बनने दिया जायेगा. सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के साथ खलारी के 34 अंजुमन के लोग मुहर्रम मेला स्थल पर सीएचसी निर्माण का विरोध करने की बात कही गयी. कमेटी ने सरकार से सीएचसी निर्माण के लिए अन्यत्र जगह तलाशने की अपील की.

सभी राजनीतिक, सामाजिक संगठन करें अस्पताल निर्माण में सहयोग :

सावित्रीबाई फुले नारी शक्ति केंद्र की बैठक सोमवार को बैंक चौक स्थित कार्यालय में हुई. अध्यक्षता केंद्र की संयोजिका सरोज चौधरी ने की. बैठक का मुख्य विषय बैंक चौक क्षेत्र में प्रस्तावित अस्पताल के निर्माण को लेकर था. बैठक में महिलाओं ने सर्वसम्मति से खलारी क्षेत्र में एक आधुनिक अस्पताल की स्थापना का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि कोरोना काल ने यह स्पष्ट कर दिया है कि एक सशक्त स्वास्थ्य व्यवस्था जीवन रक्षा के लिए अनिवार्य है. महिलाओं ने एक स्वर में संदेश दिया कि ‘प्राण रहेगा तभी धर्म और मजहब का अस्तित्व रहेगा‘. महिलाओं ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से अस्पताल निर्माण में सहयोग करने की अपील की. कहा कि महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे अधिक आवश्यकता होती है. ऐसे में अस्पताल उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करेगा. सभी ने अस्पताल निर्माण को लेकर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया. बैठक में अंजलि देवी, कौशल्या देवी, ललिता देवी, रूबी देवी समेत कई अन्य महिलाएं उपस्थित थीं.

खलारी पहुंची राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के अभियंताओं की टीम

11 खलारी 03: खलारी सीएचसी निर्माण स्थल पर पहुंचे भवन निर्माण के अभियंता.

11 खलारी 04: सीएचसी निर्माण के विरोध के लिए जुटे सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के लोग.B

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
DINESH PANDEY

लेखक के बारे में

By DINESH PANDEY

DINESH PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola