झारखंड बनने के बाद चार लोकसभा चुनावों में 70 महिलाएं आजमा चुकी हैं किस्मत

Updated at : 02 Mar 2024 7:10 AM (IST)
विज्ञापन
झारखंड बनने के बाद चार लोकसभा चुनावों में 70 महिलाएं आजमा चुकी हैं किस्मत

2019 लोकसभा चुनाव में झारखंड से सबसे अधिक महिलाओं ने दावा ठोंका था. राज्य से 25 महिलाएं चुनावी मैदान में थीं.

विज्ञापन

मनोज सिंह, रांची :

झारखंड बनने के बाद 2024 में लोकसभा का पांचवां चुनाव होगा. इससे पहले 2004 में पहली बार चुनाव हुआ था. 2009, 2014 के बाद 2019 में भी चुनाव हुआ है. इसमें राज्य की 14 लोकसभा सीटों पर 70 महिलाओं ने चुनाव लड़ा है. सबसे अधिक महिलाएं पिछले लोकसभा चुनाव में खड़ी हुई थीं. इन 70 में से मात्र तीन को ही लोकसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है. बीते लोकसभा चुनाव (2019) में राज्य से दो महिला उम्मीदवार (भाजपा से अन्नपूर्णा देवी व कांग्रेस से गीता कोड़ा) जीती थीं. वहीं 2004 में एक महिला उम्मीदवार को मौका मिला था. इसके अतिरिक्त 2009 और 2014 में राज्य से एक भी महिला उम्मीदवार चुनाव नहीं जीत पायी थी.

महिलाओं की स्थिति

वर्ष लड़ी जीती जमानत जब्त
2004 13 01 09
2009 14 00 13
2014 18 00 17
2019 25 02 23

सबसे अधिक महिला प्रत्याशी 2019 के चुनाव में थीं

बीते लोकसभा के चुनाव 2019 में झारखंड से सबसे अधिक महिलाओं ने लोकसभा चुनाव में दावा ठोंका था. 2019 में राज्य से 25 महिलाएं चुनावी मैदान में थीं. इसमें दो महिलाएं जीतकर दिल्ली गयी थीं. 23 महिलाओं की जमानत जब्त हो गयी थी. पिछले चुनाव में कांग्रेस के टिकट से सिंहभूम सीट से गीता कोड़ा और कोडरमा सीट से अन्नपूर्णा देवी भाजपा के टिकट से चुनाव जीती थीं. अन्नपूर्णा देवी बाद में केंद्र सरकार में राज्यमंत्री बनी. उनको मानव संसाधन विभाग दिया गया है. कांग्रेस के टिकट से जीतने वाली गीता कोड़ा ने अब भाजपा की सदस्यता ले ली है. 2004 में झारखंड से 13 महिलाओं ने किस्मत आजमायी थी. इसमें नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गयी थी. तब एकमात्र प्रत्याशी सुशीला केरकेट्टा जीती थीं. श्रीमती केरकेट्टा ने खूंटी में भाजपा के दिग्गज नेता कड़िया मुंडा को हराया था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola