Ranchi News : मंदिर पूजा करने जा रही महिला से जेवर की लूट

लालपुर थाना में शिकायत
रांची. पीएंडटी कॉलोनी वर्द्धमान कंपाउंड, लालपुर स्थित शिव मंदिर में पूजा करने जा रही महिला से दो लोगों ने सोने की चेन, कानबाली व अंगूठी लूट ली. घटना सोमवार की सुबह करीब 8:45 बजे की है. इस संबंध में महिला के पति संजय सहाय ने लालपुर थाना में शिकायत की है. बताया है कि पूजा करने जा रही उनकी पत्नी को मंदिर से ठीक पहले दो व्यक्ति मिले. उनमें से एक ने उससे किसी का पता पूछा. साथ ही कहा कि वे लोग हरिद्वार से पूजा करने आये हैं. लोगों का उपचार भी करते हैं. जब पत्नी मंदिर की ओर जाने लगी तब एक ने कहा कि सामने फूल वाले पौधे से तीन पत्ती तोड़कर लाइये. पत्नी पत्ती तोड़ने गयी, तो वह व्यक्ति भी पीछे-पीछे चला गया. पत्नी ने उसे पत्तियां तोड़कर दी. इसके बाद उसने पत्नी को मंदिर जाने से रोका और कहा कि जल्दी से सारे गहने उतारकर दे दो. पत्नी द्वारा मना करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद 14.5 ग्राम की सोने की चेन, 3.5 ग्राम की कान बाली और 2.5 ग्राम की सोने की अंगूठी लूट ली. पत्नी लुटेरों को देखने के बाद पहचान सकती हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










