Motihari: डुमरियाघाट में शराब तस्कर का दुस्साहस, बैरिकेडिंग तोड़ जमादार को रौंदा
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 10 May 2026 12:33 PM
घायल एएसआई मनीष कुमार
मोतिहारी में शराब तस्कर को रोकने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. तेज रफ्तार बाइक सवार तस्कर ने एएसआई को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. जानें कैसे पुलिस ने आरोपी को दबोचा...
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र में रविवार तड़के शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. शराब लदी बाइक लेकर भाग रहे एक तस्कर ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मनीष कुमार को जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए.
चेकपोस्ट पर रोकने की कोशिश में हादसा
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर केटीएम बाइक पर शराब लेकर डुमरियाघाट के रास्ते गुजरने वाला है. सूचना के बाद पुलिस ने डुमरियाघाट पुल पर घेराबंदी की, लेकिन तस्कर वहां से चकमा देकर एनएच-27 की ओर भाग निकला.
इसके बाद सरोतर पहल चेकपोस्ट पर तैनात एएसआई मनीष कुमार ने बैरिकेडिंग कर बाइक सवार को रोकने की कोशिश की. खुद को घिरता देख तस्कर ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और सीधे एएसआई को टक्कर मार दी.
सिपाही की बहादुरी से पकड़ा गया आरोपी
टक्कर मारने के बाद तस्कर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी वहां मौजूद एक सिपाही ने बहादुरी दिखाते हुए लाठी मारकर उसे बाइक से नीचे गिरा दिया और पकड़ लिया.
घायल एएसआई मनीष कुमार, जो 2009 बैच के अधिकारी बताए जा रहे हैं, उन्हें तुरंत इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस अधिकारी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही चकिया एसडीपीओ संतोष कुमार और डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक कुमार बालेंदु पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी का हाल जाना.
पुलिस ने आरोपी तस्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही बाइक और शराब को भी जब्त कर लिया गया है.
मोतिहारी के डूमरिया घाट से आमोद ठाकुर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










