ePaper

Hartalika Teej 2025: हरितालिका तीज आज, अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिन महिलाएं 24 घंटे का करेंगी निर्जला उपवास

Updated at : 26 Aug 2025 5:40 AM (IST)
विज्ञापन
Hartalika Teej 2025

Hartalika Teej 2025

Hartalika Teej 2025: आज हरितालिका तीज है. सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य के लिए 24 घंटे का निर्जला उपवास करेंगी. तीज पर्व पर महिलाएं सोलह शृंगार कर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करेंगी. सोमवार को महिलाओं ने मेहंदी, शृंगार सामग्री, पूजा सामग्री और मिठाइयों की जमकर खरीदारी की. गुजिया, अनरसा और अन्य पकवानों की मांग बाजार में बढ़ गयी है.

विज्ञापन

Hartalika Teej 2025: रांची-आज हरितालिका तीज है. राजधानी रांची के बाजार पारंपरिक रंगों में सराबोर हो गए हैं. सोमवार की सुबह से शाम तक शहर के गली-कूचों से लेकर बड़े बाजारों तक महिलाओं की चहल-पहल देखते ही बन रही थी. तीज की तैयारी को लेकर बाजारों में जबरदस्त रौनक रही. सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की कामना के लिए मंगलवार को रखे जाने वाले निर्जला व्रत से पूर्व जमकर खरीदारी की. तीज पर्व पर महिलाएं सोलह शृंगार कर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करेंगी और अखंड सौभाग्य के लिए 24 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगी. धार्मिक ग्रंथों में कहा गया है कि जो विवाहित महिलाएं शिव-पार्वती की संयुक्त पूजा करती हैं, उन्हें अखंड सौभाग्य, पति का लंबा जीवन और दांपत्य सुख प्राप्त होता है.

तीजमय हुई राजधानी रांची


उदयातिथि में तृतीया तिथि मिलने से व्रत मंगलवार को पूरे दिन मान्य रहेगा. सोमवार को महिलाओं ने मेहंदी, शृंगार सामग्री, पूजा सामग्री व मिठाइयों की जमकर खरीदारी कीं. घरों में पारंपरिक व्यंजन गुजिया, ठेकुआ आदि बनाने का दौर भी चला. मेहंदी की खुशबू, शृंगार का आकर्षण, मिठाइयों का स्वाद और धार्मिक आस्था ने राजधानी रांची के माहौल को पूरी तरह तीजमय बना दिया है. आज जब महिलाएं निर्जला व्रत रखकर शिव-पार्वती की पूजा करेंगी, तब यह नजारा और भी भव्य होगा.

ये भी पढ़ें: झारखंड में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की तैयारी शुरू, मतदाता सूची के पुनरीक्षण का आदेश

सोलह शृंगार के संग तीज की तैयारी


हरितालिका तीज का महत्व सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष माना जाता है. सोलह शृंगार कर व्रत रखने की परंपरा इस पर्व को और आकर्षक बना देती है. यही कारण है कि सोमवार को बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही. कहीं चूड़ी की खनक थी तो कहीं मेहंदी की डिजाइनों की सजावट. कॉस्मेटिक की दुकानों से लेकर साड़ियों के शोरूम तक महिलाओं की रौनक पूरे दिन छाई रही. व्रत का पूजन सूर्यास्त से पूर्व करना उत्तम माना गया है. इस दिन चंद्र दर्शन वर्जित है. व्रत के दिन चांदी, पीतल या मिट्टी से निर्मित शिव-पार्वती की प्रतिमा स्थापित कर सबसे पहले गणेश पूजन किया जाये. पूजा के बाद हरितालिका व्रत कथा का श्रवण और रात्रि जागरण का विशेष महत्व है.

पूजा सामग्री और शृंगार की बिक्री में उछाल


पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखी गयी. मां शक्ति पूजा भंडार के संचालक अमित कुमार ने बताया कि दान सामग्री की सबसे अधिक बिक्री हुई. बांस की टोकरी 20 से 60 रुपये, शृंगार सामग्री 10 से 100 रुपये, ब्लाउज पीस 15 से 50 रुपये और टोकरी सेट 70 से 150 रुपये में बिके. कई महिलाओं ने तैयार दान सामग्री सेट खरीदे, जबकि कुछ ने अलग-अलग सामग्री लेकर उसे स्वयं सजाया.

मैचिंग चूड़ियों का क्रेज


कपड़ों के साथ मैचिंग चूड़ियों की भारी मांग रही. कॉस्मेटिक दुकानों से लेकर चूड़ी बाजार तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही. अपर बाजार के दुकानदार रंजन के अनुसार, प्लेन और मेटल चूड़ियों का सेट, जिसमें आठ चूड़ियां और एक बाला शामिल है, सबसे ज्यादा पसंद किया गया. पहली बार तीज करने वाली महिलाओं ने खासतौर पर लहठी खरीदी, जिसकी कीमत 500 रुपये से शुरू है.

मेहंदी और ब्यूटी पार्लरों में भीड़


सोमवार सुबह से ही पार्लरों में महिलाओं की भीड़ रही. फेसियल, हेयर स्टाइल और आइब्रो के लिए कई महिलाओं ने एडवांस बुकिंग करायी थी. मॉल्स और बाजारों में मेहंदी लगाने का ट्रेंड भी दिखा. डिजाइनर मेहंदी के लिए महिलाओं ने लंबा इंतजार किया. साधारण मेहंदी 200 रुपये में, जबकि डिजाइनर मेहंदी 1100 से 2500 रुपये तक लगायी गयी.

गुजिया और अनरसा की जोरदार बिक्री


तीज के अवसर पर गुजिया, अनरसा और अन्य पकवानों की मांग बढ़ी. बाजार में सूजी की गुजिया 200 रुपये किलो, खोवा का 450 रुपये किलो और ड्राइ फ्रूट्स वाले शुद्ध घी के गुजिया 700 से 800 रुपये किलो में बिके. अनरसा 200 रुपये किलो (साधारण) और 400-500 रुपये किलो (खोवा मिश्रित) में उपलब्ध है. मिठाई दुकानों ने विशेष पैकिंग में घी के गुजिया तैयार किये गये हैं.

ये भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन ने कन्वेंशन सेंटर का किया स्थल निरीक्षण, अफसरों को दिया ये निर्देश

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola