होली में झुलसाएगी गर्मी, बिहार में 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा, ड्राई हीट का अलर्ट

Updated:
विज्ञापन
Bihar Weather

Bihar Weather

Bihar Weather Update: बिहार में इस बार मौसम ने सामान्य पैटर्न तोड़ दिया है. अप्रैल की गर्मी अब फरवरी के अंत में ही महसूस होने लगी है. राजधानी पटना समेत कई जिलों में तापमान 35 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और शुष्क पछुआ हवाओं ने ड्राई हीट का असर बढ़ा दिया है. IMD के अनुसार मार्च की शुरुआत में ही तापमान और बढ़ सकता है.

विज्ञापन

Bihar Weather Update: बिहार में इस साल कुदरत के तेवर बदले-बदले नजर आ रहे हैं. अभी मार्च का आगाज ही हुआ है कि सूरज ने अपनी तपिश से लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है. विडंबना देखिए कि जिस बसंत ऋतु का अहसास मार्च के मध्य तक होता था, वह फरवरी खत्म होते-होते ही ओझल हो गई है.

IMD के ताजा आंकड़ों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि महज एक महीने के भीतर बिहार के तापमान में 12 डिग्री तक का भारी उछाल दर्ज किया गया है. पटना से लेकर कैमूर तक, पूरा प्रदेश अब ‘ड्राई हीट’ यानी शुष्क गर्मी की चपेट में है, जो अमूमन अप्रैल के महीने में महसूस की जाती थी.

एक महीने में 12 डिग्री की छलांग, बदला मौसम ट्रेंड

IMD के अनुसार फरवरी की शुरुआत में जहां तापमान 19 डिग्री से 27 डिग्री के बीच था, वहीं अब कई जिलों में यह 29 डिग्री से 35 डिग्री तक पहुंच गया है. मुजफ्फरपुर में पारा 21 डिग्री से बढ़कर करीब 29 डिग्री हो गया, जबकि पटना में दिन का तापमान 21.8 डिग्री से 32 डिग्री पार कर गया. यह तेजी बताती है कि इस साल गर्मी सामान्य से ज्यादा जल्दी दस्तक दे चुकी है.

इन दिनों वातावरण में नमी बेहद कम है और पछुआ हवाएं लगातार चल रही हैं. आसमान साफ होने से सूर्य की किरणें सीधे जमीन को गर्म कर रही हैं. कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी हवाओं का प्रभाव भी कम हो गया है. इसी वजह से बिहार के अधिकांश हिस्से ड्राई हीट की चपेट में हैं.

बसंत विदा, मार्च में बढ़ेगी तपिश

पहले मार्च के मध्य तक बसंत का असर रहता था, लेकिन इस बार फरवरी खत्म होते ही गर्मी का दबाव साफ दिखने लगा है. कैमूर में हाल के दिनों में 34 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया. अधिकांश जिलों में पारा 30 डिग्री से ऊपर है.

तुरंत राहत नहीं

IMD का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में 1 डिग्री से 3 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो मार्च के पहले सप्ताह में ही कुछ जिलों में तापमान 38 डिग्री से 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है.

ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अभी से डिहाइड्रेशन से बचने और सीधे धूप के संपर्क में कम आने की सलाह दी है. होली के हुड़दंग से पहले मौसम का यह मिजाज संकेत दे रहा है कि इस साल गर्मी पिछले कई सालों के रिकॉर्ड ध्वस्त करने वाली है.

Also Read: होली से पहले चढ़ेगा पारा, 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा तापमान, जानें अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन