IIT पटना और IIM बोधगया का संयुक्त पांच वर्षीय ड्यूल डिग्री प्रोग्राम शुरू, बिना CAT परीक्षा मिलेगा प्रवेश

बैठक में लिया गया फैसला
IIT Dual Degree Program: जेईई एडवांस्ड के छात्रों के लिए बड़ी खबर! अब आईआईटी पटना और आईआईएम बोधगया से बिना कैट परीक्षा दिए हासिल करें संयुक्त ड्यूल डिग्री. जानें इस पांच वर्षीय एकीकृत कार्यक्रम की पूरी जानकारी...
IIT Dual Degree Program: जेईई एडवांस्ड में सफल छात्रों के लिए बड़ी पहल की गई है. अब छात्र बिना कैट (CAT) परीक्षा दिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना और भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) बोधगया से संयुक्त रूप से दोहरी डिग्री हासिल कर सकेंगे. दोनों संस्थानों ने पांच वर्षीय एकीकृत ड्यूल डिग्री कार्यक्रम के संचालन को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.
जेईई एडवांस्ड की रैंक के आधार पर मिलेगा प्रवेश
यह पूर्णकालिक आवासीय कार्यक्रम कुल 60 सीटों के साथ शुरू किया गया है. कार्यक्रम के तहत छात्र पहले तीन वर्ष आईआईटी पटना में प्रौद्योगिकी स्नातक (बीटेक) अथवा विज्ञान स्नातक (बीएस) की पढ़ाई करेंगे. इसके बाद दो वर्ष भारतीय प्रबंध संस्थान बोधगया में प्रबंधन स्नातकोत्तर (एमबीए) की पढ़ाई पूरी करेंगे.
छात्रों का चयन जेईई एडवांस्ड में प्राप्त रैंक के आधार पर संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (जोसा) की काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा. इसके लिए छात्रों को अलग से कैट परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं होगी.
एमबीए में तीन विशेष विकल्प होंगे उपलब्ध
प्रबंधन पाठ्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को तीन विशेष विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे. इनमें सामान्य प्रबंधन में एमबीए, डिजिटल व्यवसाय एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रबंधन तथा अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन शामिल हैं.
पाठ्यक्रम में प्रबंधन लेखांकन, संगठनात्मक व्यवहार, विपणन प्रबंधन, व्यावसायिक संचार, डिजिटल बदलाव, व्यावसायिक विश्लेषण, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली और चिकित्सा नैतिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है.
छात्रवृत्ति और आर्थिक सहायता की भी होगी व्यवस्था
दोनों संस्थानों की ओर से जरूरतमंद एवं योग्य छात्रों को छात्रवृत्ति तथा आवश्यकता आधारित आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी. पांच वर्षीय पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद छात्रों को संयुक्त डिग्री प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा.
बेहतर प्लेसमेंट अवसर भी मिलेंगे
आईआईटी पटना और आईआईएम बोधगया के रोजगार सहायता प्रकोष्ठ संयुक्त रूप से छात्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे. इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन, दूरसंचार और डिजिटल सार्वजनिक ढांचा जैसे उभरते क्षेत्रों में बेहतर करियर के अवसर प्राप्त हो सकेंगे.
बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










