पटना : गांधी मैदान के सुभाष पार्क में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, शरीर पर जख्म के निशान
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
पटना के गांधी मैदान इलाके में सोमवार शाम सुभाष पार्क में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वन विभाग के कर्मचारियों को निरीक्षण के दौरान शव मिला, जिसके शरीर पर जख्म के निशान भी थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
आपके शहर में
Patna News : पटना के गांधी मैदान थाना के समीप स्थित सुभाष पार्क में सोमवार शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. पार्क में निरीक्षण के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों की नजर शव पर पड़ी. कर्मचारियों ने तत्काल गांधी मैदान थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
हाफ पैंट पहने मिला युवक
पुलिस के अनुसार, मृत युवक की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष के बीच है. युवक के शरीर पर सिर्फ हाफ पैंट था. उसके शरीर पर जख्म के कुछ निशान भी मिले हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
सुबह से शाम तक पार्क में आते-जाते रहे लोग
बताया जाता है कि सुभाष पार्क में सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक आम लोगों के प्रवेश की अनुमति है. सोमवार को भी पार्क में लोगों का आना-जाना लगा रहा, लेकिन किसी की नजर शव पर नहीं पड़ी. शाम में वन विभाग के कर्मचारी पार्क का निरीक्षण कर रहे थे, इसी दौरान उन्हें शव दिखाई दिया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सोमवार देर रात तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी. गांधी मैदान थाना पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर युवक की पहचान कराने में जुटी है. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है. पुलिस युवक की मौत की परिस्थितियों और उसके पार्क तक पहुंचने के बारे में जानकारी जुटा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए