झारखंड विधानसभा घेराव में बैरिकेड तोड़ने और पुलिस पर हमले के मामले में केस दर्ज
रांची में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा विरोध प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड तोड़ने और पुलिस पर हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है. जानिए पूरी खबर.
रांची: JPSC-JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ 10 अगस्त को हुए विधानसभा घेराव के दौरान बैरिकेड तोड़ने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. नगड़ी अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक सह दंडाधिकारी नेशात अहमद के बयान पर केस दर्ज किया गया है.
प्राथमिकी के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़े. विधानसभा के आसपास पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा के लिए लगायी गयी बैरिकेडिंग और ड्राप गेट तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ लोग बैरिकेड पार कर आगे बढ़ते रहे.
ये भी पढ़ें- खूंटी-चाईबासा मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई, 45 हजार का चालान
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई. कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड और ड्राप गेट तोड़ने के साथ पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट की. प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने का भी प्राथमिकी में उल्लेख है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इसके बावजूद भीड़ के नहीं हटने पर सीमित बल प्रयोग किया गया.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में यात्री बस ने पेड़ को मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक घायल
विधानसभा गेट नंबर एक की ओर बढ़ने का प्रयास
प्राथमिकी के अनुसार, शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा के गेट नंबर एक की ओर बढ़ने का प्रयास किया. पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों को गेट नंबर एक और आसपास के क्षेत्र से हटा दिया गया. मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. केस के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआइ आनंद पंडित को दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







