फर्जी पति के साथ पहुंची महिला ने दुकान में की तोड़फोड़, मांगी रंगदारी
रांची में एक महिला ने अपने कथित पति के साथ मिलकर दुकानदार के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की. पुलिस ने ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
रांची: बैंक कॉलोनी, रानी बागान निवासी सुमित कुमार ने रिया नाम की महिला और उसके सहयोगियों पर दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. सुमित के अनुसार, महिला के साथ उनका पुराना लेनदेन विवाद पहले से न्यायालय में चल रहा है.प्राथमिकी में सुमित ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी में उक्त महिला कुछ लोगों के साथ गाड़ी से उनकी दुकान पर पहुंची. महिला के साथ आये एक व्यक्ति ने खुद को उसका पति आरबी सिंह बताया. इसके बाद आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में यात्री बस ने पेड़ को मारी टक्कर, एक दर्जन से अधिक घायल
सुमित के अनुसार, जब वह दुकान पहुंचे तो घटना का वीडियो बनाने लगे. वीडियो बनाते देख महिला के साथ आया व्यक्ति गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. सुमित ने प्राथमिकी में उक्त महिला पर एक ऐप के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया है. वहीं, सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपों की सत्यता की जांच के साथ घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाल रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







