14वीं JPSC- PT का खुला राज! सफल अभ्यर्थी ही निकले एजेंट, अभय तिवारी सिंडिकेट से जुड़े होने का दावा
14वीं JPSC PT परीक्षा में अनियमितताओं का मामला गरमाया है. CID की पूछताछ में सामने आया है कि सफल अभ्यर्थियों में से कुछ अभ्यर्थी एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे. इन पर दूसरों को अनुचित साधनों से पास कराने का आरोप है.
रांची: 14वीं JPSC PT परीक्षा में सफल होनेवाले तीन आरोपियों से पूछताछ में CID को कई अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आ रही है. उमाकांत उरांव, मनोज कुमार और रोशन केरकेट्टा को CID ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद तीनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. तीनों पर आरोप है कि उन्होंने अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर परीक्षा में सफलता हासिल की. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद अभ्यर्थी होने के साथ-साथ एजेंट की भूमिका में भी काम कर रहे थे। उनके संपर्क अभय तिवारी और उसके सिंडिकेट से जुड़े कुछ लोगों से होने की बात सामने आयी है.
आपके शहर में
खुद पास होने के साथ दूसरों को पास कराने का दावा
बताया जा रहा है कि परीक्षा में सफल होने के लिए बड़ी रकम खर्च करनी थी. ऐसे में आरोपियों ने खुद परीक्षा में शामिल होने के साथ-साथ कुछ अन्य अभ्यर्थियों को भी सफल कराने की बात कही थी. हालांकि, CID ने अभी तक पूछताछ में सामने आये इन बयानों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. उमाकांत उरांव मूल रूप से लोहरदगा के जुरियो स्थित कार्तिक नगर का रहनेवाला है.वह रांची के बरियातू स्थित DIG ग्राउंड के पास रहता था, जहां से CID ने उसे गिरफ्तार किया. रोशन केरकेट्टा नगड़ी के हलहू का रहनेवाला है और फिलहाल कोकर के हैदर गली रोड में रह रहा था. उसकी गिरफ्तारी भी कोकर स्थित आवास से हुई. तीसरा आरोपी मनोज कुमार रांची के धुर्वा सेक्टर-3 स्थित क्वार्टर नंबर एएन-206 का रहनेवाला है.
2204 सफल अभ्यर्थियों में से 1750 ने भेजी OMR शीट
CID 14वीं JPSC PT परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की OMR शीट की भी जांच कर रही है. परीक्षा में कुल 2204 अभ्यर्थी सफल हुए थे, लेकिन अब तक CID को 1750 अभ्यर्थियों की OMR शीट मिली है. OMR शीट नहीं भेजनेवाले अभ्यर्थियों की जांच CID अलग से करेगी. सूत्रों के अनुसार, इस सप्ताह सभी प्राप्त OMR शीट की जांच पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों की कॉपियों की भी जांच की जा रही है.
JSSC सचिव से लगातार तीसरे दिन पूछताछ
इधर, JSSC के सचिव सुधीर कुमार गुप्ता से CID ने लगातार तीसरे दिन पूछताछ की. परीक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं और संभावित गड़बड़ियों को लेकर उनसे जानकारी ली जा रही है.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद : आंदोलन स्थगित कर लौटे छात्र, यात्रा निकाल जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







