चुनावी तैयारी : बूथ कमेटी के गठन में पार्टी फंड बन रहा है बाधक

Updated at : 04 Feb 2019 8:19 AM (IST)
विज्ञापन
चुनावी तैयारी : बूथ कमेटी के गठन में पार्टी फंड बन रहा है बाधक

कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान कार्यक्रम नहीं हो पा रहा सफल हर बूथ पर पांच-पांच लोगों को जोड़ कर 100-100 रुपये पार्टी फंड में कराना है जमा रांची : आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड के प्रमुख दल तैयारी में जुट गये हैं. बूथ स्तर पर संगठन को दुरुस्त करने को लेकर भाजपा, कांग्रेस […]

विज्ञापन
कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान कार्यक्रम नहीं हो पा रहा सफल
हर बूथ पर पांच-पांच लोगों को जोड़ कर 100-100 रुपये पार्टी फंड में कराना है जमा
रांची : आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड के प्रमुख दल तैयारी में जुट गये हैं. बूथ स्तर पर संगठन को दुरुस्त करने को लेकर भाजपा, कांग्रेस समेत कई दलों की ओर से अभियान चलाया जा रहा है.
इसकी लगातार मॉनिटरिंग हो रही है. इधर, कांग्रेस ने भी संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत करने व बूथ कमेटी बनाने को लेकर जनसपंर्क अभियान की शुरुआत की थी. जनसपंर्क अभियान के राष्ट्रीय पदाधिकारी अजय शर्मा ने 17 नवंबर को विधानसभा सभागार से इसका आगाज किया था. लेकिन आलम यह है कि चार माह बीत जाने के बाद भी अब तक बूथ पर कांग्रेस की कमेटी पूरी तरह से खड़ा नहीं हो पायी है.
इस अभियान के तहत बूथ पर पांच लोगों को जोड़ने व उनसे पार्टी फंड में 100-100 रुपये लेने को लेकर रणनीति बनायी गयी थी. पार्टी सूत्रों के अनुसार बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से राशि लिये जाने के कारण लोग इसमें अपना उत्साह नहीं दिखा रहे हैं.
यही वजह है कि बूथ कमेटी नहीं बन पा रही है. इस अभियान के तहत जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से पार्टी फंड में 500-500 रुपये जमा कराये जा रहे हैं. इसके अलावा प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों से 1000-1000 रुपये पार्टी फंड में जमा कराया जा रहा है. प्रदेश स्तर पर अधिकांश पदाधिकारियों ने राशि जमा करा दी है, लेकिन बूथ स्तर पर कार्यकर्ता इसमें रुचि नहीं दिखा रहे हैं.
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार पिछले चार माह में पार्टी की ओर से जनसंपर्क अभियान को लेकर कई कार्यक्रम हुए, लेकिन वे सभी सभा तक ही सिमट कर रह गये हैं. इसका कोई फलाफल नहीं दिख रहा है. हालांकि प्रभारी आरपीएन सिंह व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार लगातार इसकी मॉनटरिंग कर रहे हैं. राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि मार्च माह में लोकसभा चुनाव की तिथि की घोषणा हो जायेगी. ऐसे में एक माह के अंदर कांग्रेस को बूथ स्तर पर संगठन खड़ा करना चुनौती भरा कार्य होगा.
14 माह में भी प्रदेश कमेटी का नहीं हुआ विस्तार
डॉ अजय कुमार को नवंबर 2017 में झारखंड प्रदेश का अध्यक्ष मनोनीत किया गया था. 14 माह बीत जाने के बाद भी अब तक प्रदेश कमेटी का विस्तार नहीं हो पाया है. यह पहला मौका होगा जब एक साल से अधिक समय से ज्यादा बीत जाने के बाद भी कांग्रेस की प्रदेश कमेटी का विस्तार नहीं हुआ है. मोर्चा, संगठन व विभाग के माध्यम से पार्टी जनता के बीच जा रही है. वहीं दूसरी तरफ प्रवक्ताओं की फौज खड़ी कर दी गयी है. फिलहाल पार्टी में 51 प्रवक्ता मनोनीत किये गये हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola