लातेहार में भारी बवाल: हिंडालको और DVC साइडिंग के खिलाफ उतरे विधायक प्रकाश राम

Published by : Sameer Oraon Updated At : 25 May 2026 5:20 PM

विज्ञापन

धरने पर बैठे ग्रामीण

Latehar News: लातेहार सदर प्रखंड के रिचूघुटा में हिंडालको और डीवीसी की प्रस्तावित कोयला साइडिंग के खिलाफ विधायक प्रकाश राम के नेतृत्व में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. विधायक ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और गांवों को सुविधाएं मिले बिना कोयला डंपिंग नहीं होने दी जाएगी. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

विज्ञापन

लातेहार से चंद्रप्रकाश सिंह की रिपोर्ट

Latehar News, लातेहार : लातेहार जिला स्थित सदर प्रखंड के पेशारार पंचायत अंतर्गत रिचूघुटा गांव में सोमवार को हिंडालको बॉक्साइट साइडिंग और डीवीसी (DVC) कंपनी द्वारा नई कोयला साइडिंग खोलने के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों और मजदूरों का भारी आक्रोश फूट पड़ा. लातेहार विधायक प्रकाश राम के नेतृत्व में भारी संख्या में ग्रामीण, रैयत, मजदूर और बेरोजगार युवा एकजुट होकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार आंदोलन पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने हिंडालको और डीवीसी के प्रस्तावित कोयला साइडिंग परियोजना पर स्थानीय लोगों की अनदेखी करने, क्षेत्र में बेरोजगारी बढ़ाने, भारी प्रदूषण फैलाने और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने का गंभीर आरोप लगाया है.

ग्रामीणों को हक मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई : विधायक

आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए लातेहार विधायक प्रकाश राम ने कड़े लहजे में कहा कि कंपनी पहले यहां के मूल निवासी और ग्रामीणों को रोजगार, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की लिखित गारंटी दे. इसके साथ ही कंपनियां अपने सीएसआर (CSR) फंड से प्रभावित गांवों का चहुंमुखी विकास करें, तभी यहां कोयला गिरने दिया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों के जल, जंगल, जमीन और अधिकारों की अनदेखी हुई, तो इस अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक उग्र लड़ाई लड़ी जाएगी. जरूरत पड़ी तो मैं अपने क्षेत्र के ग्रामीणों के हक के लिए अपनी जान देने को भी तैयार हूं. विधायक ने रोष जताते हुए कहा कि कंपनी लगातार इस क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रही है, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय बाहरी लोगों को काम पर रखा जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि हिंडाल्को कंपनी पिछले 70 सालों से इस क्षेत्र में काम कर रही है, लेकिन सुविधा देने के नाम पर यहां के सीधे-साधे लोगों का सिर्फ शोषण करने का काम किया गया है.

Also Read: सरायकेला के कांड्रा में बैंक मैनेजर से रंगदारी मांगने वाला धराया, भेजा गया जेल

प्रदूषण से तबाह हो जाएगी खेती और पानी

मौके पर मौजूद विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार ने बताया कि कोयला साइडिंग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक एक भी स्थानीय मजदूर को वहां रोजगार नहीं मिला है. उन्होंने भविष्य के खतरों की ओर इशारा करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में डीवीसी द्वारा तुबैद क्षेत्र से भारी मात्रा में कोयला लाकर यहां डंप किया जाएगा. इस कोयला डंपिंग से पूरे इलाके में भारी कोयला डस्ट और वायु प्रदूषण फैलेगा, जिसका सीधा और घातक असर गांव के कुएं, नदी-तालाब के पानी और स्थानीय खेती पर पड़ेगा. ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि वे बिना सुरक्षा मानकों और रोजगार गारंटी के इस साइडिंग को चालू नहीं होने देंगे. इस बड़े विरोध प्रदर्शन के मौके पर मुख्य रूप से शिवचरण सिंह, अमरजीत सिंह, शिव प्रसाद, अजय सिंह, राहुल कुमार, बैजनाथ प्रसाद, उमाकांत प्रसाद, सोनू सिंह, उमेश सिंह, बसंत प्रसाद, धर्मेंद्र कुमार समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा और मजदूर उपस्थित थे.

Also Read: चूल्हापानी के गंगा दशहरा महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल, बोले – भारत की नदियां जीवन दायिनी

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola