पलामू में चतुर्थवर्गीय बहाली को लेकर भूख हड़ताल खत्म, SDO ने जूस पिलाकर सत्यनारायण शुक्ला का अनशन तुड़वाया
जूस पिलाकर अनशन तुड़वाते सदर एसडीओ संजय पांडेय | Prabhat Khabar Network
पलामू में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी नियुक्ति की मांग को लेकर चल रही अभ्यर्थियों की भूख हड़ताल डीसी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई है। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।
पलामू: पलामू में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर चार अगस्त से अभ्यर्थी संघ का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल व धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ था. चतुर्थवर्गीय कर्मचारी पद के अभ्यर्थी समाहरणालय के मुख्य द्वार के समीप आंदोलन कर रहे थे. अभ्यर्थी संघ के सत्यनारायण शुक्ला मंगलवार से ही भूख हड़ताल पर थे. इस दौरान छह अगस्त को उनकी तबीयत खराब हो गयी थी. उनका अस्पताल में इलाज कराया गया.
अभ्यर्थियों ने डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया. अभ्यर्थियों ने डीसी को बताया कि जिले में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के पद पर नियुक्ति के लिए वर्ष 2010 में विज्ञापन प्रकाशित हुआ था. सात वर्ष बाद 2017 में परीक्षा ली गयी थी. छात्रों के विरोध के बाद 2025 में सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया स्थगित कर दी. छह माह बाद झारखंड बहुद्देशीय कर्मी के नाम से सरकार ने नवंबर महीने में नियमावली तैयार की. इसमें पलामू के छात्रों के साथ घोर अन्याय किया गया.
विज्ञापन की कंडिका 12(6) में संशोधन की मांग
अभ्यर्थियों ने विज्ञापन की कंडिका 12(6) में संशोधन करते हुए लिखित परीक्षा के माध्यम से बहाली की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की. डीसी ने इस मामले को गंभीरता से लिया और पूरी स्थिति से राज्य सरकार को अवगत कराने तथा सिफारिश करने का आश्वासन दिया.
डीसी के निर्देश पर सोमवार को सदर एसडीओ संजय पांडेय अनशन स्थल पर पहुंचे. उन्होंने अभ्यर्थियों को समझाया और भूख हड़ताल कर रहे सत्यनारायण शुक्ला को जूस पिलाकर अनशन व धरना समाप्त कराया. इसके बाद अभ्यर्थियों ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की.
मांग पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
अभ्यर्थियों ने कहा कि यह केवल एक भूख हड़ताल नहीं थी, बल्कि पलामू के सैकड़ों अभ्यर्थियों की उम्मीद, पीड़ा और भविष्य की लड़ाई थी. अनशन समाप्त जरूर हुआ है, लेकिन आंदोलन की भावना जागृत है. मांग के अनुरूप बहाली की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जायेगा.
मौके पर अनुप पासवान, रविंद्र चंद्रवंशी, ब्रजेश मेहता, सुनील पासवान, सत्येंद्र राम, रितेश सिंह, संतोष विश्वकर्मा, उमेश मेहता, संजय, हसीबुल्लाह अंसारी, विकास, आकाश, जितेंद्र, विक्रम चौधरी सहित कई अभ्यर्थी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










