थार वाहन, देसी कट्टा व नकदी के साथ बंगाल का आरोपी गिरफ्तार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 09 May 2026 5:26 PM
पाकुड़िया के रामघाटी में आठ लाख रुपये की चोरी का खुलासा हुआ है।
पाकुड़िया के रामघाटी में आठ लाख की चोरी की तफ्तीश में बड़ा खुलासा पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी आरोपी पर झारखंड व बंगाल के विभिन्न थानों में 22 मामले दर्ज संवाददाता, पाकुड़ पाकुड़ पुलिस ने पाकुड़िया थाना क्षेत्र के रामघाटी गांव में हुई करीब आठ लाख रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा किया है. इस मामले में पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला अंतर्गत मुरारोई थाना क्षेत्र के ढोढ़िया निवासी 32 वर्षीय मिहिर ठाकुर उर्फ मिहिर नरसुंदर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक थार वाहन, देसी कट्टा, दो जिंदा गोली, एंड्रॉयड मोबाइल, 51 हजार रुपये नकद, चांदी के सिक्के और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं. जांच में सामने आया कि 1 मई की रात रामघाटी निवासी मनोज कुमार भगत के घर से करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी हुई थी. मामले के उद्भेदन के लिए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था, जिसने लगातार तकनीकी जांच और छापेमारी की. आठ मई की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपराधी काले रंग की थार वाहन से पाकुड़िया क्षेत्र में वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खक्सा गांव के पास वाहन को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखकर अपराधी भागने लगे, लेकिन पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि चार अन्य फरार हो गए. तलाशी में हथियार और उपकरण बरामद हुए. पूछताछ में आरोपी ने रामघाटी चोरी कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर नकदी व चांदी के सिक्के बरामद किए गये. आरोपी मिहिर पर झारखंड-बंगाल के थानों में 22 से अधिक संगीन मामले दर्ज एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और आईसीजेएस डाटा के अनुसार उसके खिलाफ झारखंड व पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में डकैती, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कुल 22 मामले दर्ज हैं. पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छापेमारी दल में महेशपुर इंस्पेक्टर मदन कुमार शर्मा, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, रद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, तकनीकी शाखा के सुकदेव साह, नयमूल अंसारी, सुनील मरांडी, मुन्ना सिंह, बैजनाथ कुमार गुप्ता, सूरज मुर्मू समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










