अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरायी, एक की मौत, पांच घायल

अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरायी, एक की मौत, पांच घायल
लोहरदगा़ सदर थाना क्षेत्र के एसपी आवास के पास शनिवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सफारी वाहन के परखच्चे उड़ गये और सभी लोग वाहन के भीतर ही फंस गये. शादी समारोह से लौट रहे थे सभी : प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुड़ू प्रखंड के पंडरा गांव निवासी जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी के पुत्र विराट शाहदेव अपने दोस्तों के साथ कड़ाक गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गये थे. शनिवार तड़के सभी टाटा सफारी से वापस लोहरदगा लौट रहे थे. इसी दौरान रघु टोली की तरफ से आने के क्रम में टाटा सफारी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरायी और फिर सड़क किनारे पेड़ों में जा घुसी. खलारी के युवक की मौत, चार रिम्स रेफर : घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला. सभी को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने खलारी निवासी प्रमोद कुमार सिंह उर्फ चंपा को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल विराट शाहदेव, सम्राट शाहदेव, कड़ाक के विकेश सिंह और लोहरदगा छतर बगीचा के उत्तम सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया. एक अन्य घायल पिस्का मोड़ के दीपेश्वर सिंह का उपचार जारी है. पुलिस कर रही जांच : सदर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की गति काफी तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा. इस घटना के बाद मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव के पोस्टमार्टम की तैयारी में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










