दिल्ली में आदिवासी महासभा का मंच, आदिवासी हितों पर सांसद सुखदेव भगत की दो टूक
कार्यक्रम में शामिल सांसद सुखदेव भगत | Prabhat Khabar Network
दिल्ली में 32वें विश्व आदिवासी दिवस पर सांसद सुखदेव भगत ने आदिवासियों को ST दर्जा और सरना धर्म कोड देने की मांग की। जानिए पूरी खबर विस्तार से।
लोहरदगा: दिल्ली में आदिवासी महासभा की ओर से आयोजित 32वें विश्व आदिवासी दिवस समारोह में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा, नगाड़े-ढोल और झूमर नृत्य के साथ सांसद का स्वागत किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुखदेव भगत ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि यह दिन आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और पूर्वजों के संघर्ष को याद करने का अवसर है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान जल, जंगल और जमीन से जुड़ी हुई है.
दिल्ली में रह रहे आदिवासियों को मिले एसटी का दर्जा
सांसद ने केंद्र सरकार से दिल्ली में रहने वाले आदिवासी समुदाय के लोगों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले हजारों आदिवासी आज भी अपनी भाषा, परंपरा और संस्कृति को जीवित रखे हुए हैं. केवल स्थान बदलने से उनकी आदिवासी पहचान समाप्त नहीं हो जाती. उन्हें संविधान में मिले सभी अधिकार उपलब्ध कराये जाने चाहिए.
जनगणना में शामिल हो सरना धर्म कोड
सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार से जनगणना कॉलम में सरना धर्म कोड शामिल करने की मांग की. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति पूजक है और सरना उनकी धार्मिक पहचान से जुड़ा हुआ है. जनगणना में अलग धर्म कोड का प्रावधान होने से आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रहेगी.
पेसा और पांचवीं अनुसूची लागू करने पर दिया जोर
सांसद ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आदिवासी पूर्वजों ने लंबे संघर्ष और बलिदान दिये हैं. उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में पेसा कानून और पांचवीं अनुसूची के प्रावधानों को पूरी तरह लागू करने की मांग की.
उन्होंने कहा कि खनिज, जंगल और जमीन जैसे प्राकृतिक संसाधनों पर आदिवासी समुदाय के अधिकारों को सुनिश्चित किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने आदिवासी भाषा, पारंपरिक रीति-रिवाज, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गोपी कृष्ण
गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










