चिप्स के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे अवैध बालू, छह हाइवा जब्त

Updated:
विज्ञापन

चिप्स के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे अवैध बालू, छह हाइवा जब्त

विज्ञापन

सेन्हा़ जिला प्रशासन और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध बालू खनन एवं परिवहन के बड़े खेल का खुलासा किया है. उपायुक्त के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने रविवार को सेन्हा थाना क्षेत्र के भड़गांव पंचायत अंतर्गत बेड़ा टोली में छापेमारी की. यहां बीटीआइपीएल कंस्ट्रक्शन कंपनी के परिसर से अवैध बालू लदे छह हाइवा जब्त किये गये. यह कंपनी जिले में सड़क निर्माण कार्य में जुटी है. बालू छिपाने के लिए अपनाया अनोखा तरीका : कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे जिला खनन पदाधिकारी राजाराम प्रसाद, सीओ पंकज कुमार भगत और थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि निर्माण कंपनी द्वारा बिना चालान के बालू का अवैध परिवहन किया जा रहा है. जब टीम मौके पर पहुंची और वाहनों की जांच की, तो तस्करी का चौंकाने वाला तरीका सामने आया. सभी हाइवा में नीचे अवैध बालू भरा था, जिसे छिपाने के लिए ऊपर से चिप्स (पत्थर के टुकड़े) की परत लाद दी गयी थी, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो. नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज : मौके पर मौजूद वाहन चालकों और कंपनी प्रतिनिधियों से जब बालू के उठाव और परिवहन से संबंधित वैध कागजात या चालान मांगे गये, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहे. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह कंपनी लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के कार्यों में संलिप्त थी, लेकिन अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई थी. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सभी छह वाहनों को जब्त कर सेन्हा थाना लाया गया है. थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि माइनिंग एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिले के वरीय पदाधिकारियों को भेज दी गयी है.

विज्ञापन
Shailesh Ambashtha

लेखक के बारे में

By Shailesh Ambashtha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola