सरस्वती पूजा को लेकर उत्साह चरम पर, मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार

Updated:
विज्ञापन

सरस्वती पूजा को लेकर उत्साह चरम पर, मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे कलाकार

विज्ञापन

लोहरदगा़ जिले में विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की आराधना की तैयारियां जोरों पर हैं. इस वर्ष 23 जनवरी को जिलेभर के शैक्षणिक संस्थानों और पूजा पंडालों में मां शारदे की पूजा श्रद्धा व उल्लास के साथ मनायी जायेगी. पूजा को लेकर सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में विशेष चहल-पहल देखी जा रही है. सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों ने पूजा के सफल संचालन के लिए छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर पूजा समितियों का गठन कर लिया है, ताकि अनुष्ठान को बेहतर तरीके से संपन्न कराया जा सके. मूर्तिकारों के पास बढ़ी एडवांस बुकिंग : सरस्वती पूजा के नजदीक आते ही मूर्तिकारों की व्यस्तता बढ़ गयी है. शहर के विभिन्न हिस्सों में मूर्तिकार दिन-रात प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. सदर प्रखंड स्थित सामुदायिक भवन में प्रतिमा निर्माण कर रहे बरवा टोली निवासी मूर्तिकार राजू प्रजापति ने बताया कि इस वर्ष विद्यार्थियों और स्कूल संचालकों में खासा उत्साह है. उनके पास 1200 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं. राजू के अनुसार, अधिकांश प्रतिमाओं की एडवांस बुकिंग पहले ही हो चुकी है और इस बार बड़े आकार की मूर्तियों की मांग तुलनात्मक रूप से अधिक है. पुश्तैनी हुनर को सहेज रहे कलाकार : मूर्तिकार राजू प्रजापति ने बताया कि बचपन में मिट्टी के बर्तन और खिलौने बनाते-बनाते उन्होंने मूर्ति कला सीखी और अब यह उनका पुश्तैनी व्यवसाय बन चुका है. उन्होंने बताया कि मूर्ति निर्माण में लगने वाली सामग्री जैसे मिट्टी, पुआल और रंगों की बढ़ती कीमतों के कारण अब उस अनुपात में मुनाफा नहीं होता, जितनी मेहनत लगती है. बावजूद इसके, श्रद्धा और परंपरा को जीवित रखने के लिए वे हर साल प्रतिमाओं का निर्माण करते हैं. उनकी मूर्तियों की फिनिशिंग बेहतर होने के कारण दूर-दराज से लोग यहां पहुंचते हैं. पूजा से दो दिन पहले से ही मूर्तियों को ले जाने का सिलसिला शुरू हो जायेगा. फिलहाल, कलाकार मूर्तियों के श्रृंगार और साज-सज्जा को अंतिम रूप देने में व्यस्त हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shailesh Ambashtha

लेखक के बारे में

By Shailesh Ambashtha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola