एक मई से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण : उपायुक्त

एक मई से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण : उपायुक्त
लातेहार ़ भारत की जनगणना-2027 के पहले चरण का आगाज एक मई से होने जा रहा है. उपायुक्त संदीप कुमार ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इसकी विस्तृत जानकारी साझा की. उन्होंने जिला वासियों से इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग करने की अपील की और आश्वस्त किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां कानूनी रूप से पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी. दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया : उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न होगा. पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जायेगी. एक मई से 15 मई तक स्व-गणना का अवसर दिया गया है, जिसमें नागरिक स्वयं मोबाइल पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं. इसके बाद 16 मई से 14 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर इस जानकारी का सत्यापन करेंगे. दूसरे चरण में अगले साल 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक वास्तविक जनसंख्या गणना की जायेगी. डिजिटल माध्यम और 33 प्रश्न : इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी, जिसमें सरकार द्वारा अधिसूचित कुल 33 प्रश्न पूछे जायेंगे. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना के ये आंकड़े भविष्य में सरकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए मुख्य आधार बनते हैं. प्रशिक्षित टीम तैनात : कार्य को त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में 2093 पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. इसमें 1736 प्रगणक और 357 पर्यवेक्षक शामिल हैं, जिनका प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है. मौके पर डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, एसी रामा रविदास, एसडीओ अजय कुमार रजक, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










