लेवी के लिए फायरिंग की फिराक में था PLFI अपराधी, पुलिस ने दबोचा; लोडेड पिस्तौल बरामद

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी व जानकारी देती पुलिस

स्थानीय पुलिस ने अपराध की योजना बनाते हुए PLFI संगठन के एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. वह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन के पास लेवी की राशि नहीं मिलने पर फायरिंग करने पहुंचा था. पुलिस ने लोडेड पिस्तौल और कारतूस के साथ उसे पकड़ा.

विज्ञापन

लातेहार: स्थानीय पुलिस ने अपराध की योजना बनाते हुए PLFI संगठन के एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधी स्थानीय कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन के पास रविवार रात फायरिंग करने पहुंचा था. थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि PLFI संगठन से जुड़ा लालदेव यादव अपने साथी बादल यादव उर्फ पवन उर्फ दिलीप यादव के साथ प्रखंड में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने पहुंचा है.

सूचना के आधार पर बालूमाथ एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम जैसे ही बरछिया गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के समीप पहुंची, पुलिस को देखकर बाइक सवार दो युवक भागने लगे. पुलिस ने पीछा किया तो विश्रामपुर जाने वाली सड़क पर जर्जर पुल के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर पलट गयी. इस दौरान बाइक चला रहा युवक अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला, जबकि दूसरे को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया.

पकड़े गये अपराधी की पहचान लालदेव यादव (पिता बिहारी यादव, ग्राम हाथडीह, बालूमाथ) के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से 9 एमएम की एक देशी लोडेड पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किये गये. वहीं, फरार अपराधी की पहचान बालदेव यादव उर्फ पवन उर्फ दिलीप यादव (पिता झरी यादव, ग्राम हाथडीह, बालूमाथ) के रूप में की गयी है.

लेवी नहीं मिलने पर फायरिंग की थी योजना

पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी ने खुलासा किया कि कस्तूरबा भवन के संवेदक से लेवी की राशि नहीं मिलने के कारण वे लोग निर्माणाधीन विद्यालय के पास फायरिंग करने पहुंचे थे. बारियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है.

छापेमारी दल में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, पुअनि जितेंद्र कुमार, सअनि दिनेश कुमार, छोटू पंडा समेत रिजर्व गार्ड के जवान व तकनीकी शाखा के कर्मी मौजूद थे.


विज्ञापन
शुभम राय

लेखक के बारे में

By शुभम राय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola