Jharkhand Road Accident: रक्षाबंधन की खुशियां गम में बदलीं, मां-बेटी की मौत, दो बेटे गंभीर, जिंदगी से खेल रहे एनएच-75 के गड्ढे

सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
Jharkhand Road Accident: रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर पलामू से बोकारो लौट रहा एक परिवार लातेहार में सड़क हादसे का शिकार हो गया. कार हादसे में मां-बेटी की मौत हो गयी, जबिक दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए. इन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है. एनएच-75 पर जानलेवा गड्ढे जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं. तेज रफ्तार कार इन्हीं गड्ढों के कारण पेड़ से जा टकरायी. इसमें मां-बेटी ने दम तोड़ दिया.
Jharkhand Road Accident: चंदवा (लातेहार), सुमित-रविवार की दोपहर एनएच-75 स्थित चंदवा थाना क्षेत्र के सिसकरियां मोड़ के समीप सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गयी. इसी घटना में मृतका के दो बेटे गंभीर रूप से घायल हैं. चंदवा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है. मृतकों में मां आशा देवी (पति-शंभू प्रसाद महतो), बेटी शिखा कुमारी (उम्र 22 वर्ष) शामिल हैं. घायलों में मृतका आशा के पुत्र आशीष कुमार और प्रेम कुमार उर्फ ओम (सभी बोकारो, सेक्टर-8) शामिल हैं. घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अंत्यपरीक्षण के लिए लातेहार भिजवा दिया. सूचना के बाद पहुंचे परिजनों का अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल था.
रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर लौट रहे थे बोकारो
मृतका आशा देवी की बड़ी बेटी मेदिनीनगर (पलामू) में रहती है. मां आशा देवी अपनी बेटी शिखा कुमारी और दो बेटे आशीष और प्रेम उर्फ ओम के साथ कार (यूपी16एफए-8423) से रक्षाबंधन का त्योहार मनाने मेदिनीनगर गयी थी. यहां से सभी लोग रविवार को लौट रहे थे. इसी दौरान चंदवा थाना के सिसकरियां और लाधुप के बीच जर्जर सड़क के कारण उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए.
कार का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया
घटना के बाद सभी घायल कार में ही फंस गये थे. झामुमो के इश्तियाक खां उर्फ पपन समेत लाधुप गांव के अन्य लोगों ने बड़ी मशक्कत से कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को निकाला. घायल आशा देवी को कुड़ू सीएससी भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गयी. बेटी और दोनों बेटों को चंदवा सीएससी भेजा गया. अस्पताल में बेटी शिखा की मौत हो गयी.
जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे जानलेवा गड्ढे
इन दिनों एनएच-75 की हालात पूरी तरह जर्जर हो गयी है. सड़क पर छोटे-बड़े अनगिनत जानलेवा गड्ढे हैं. इन गड्ढों के कारण सड़क दुर्घटना में हाल के दिनों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. रविवार की हुई घटना भी सड़क पर बने इन्हीं गड्ढे के कारण हुई है.
ये भी पढ़ें: Hemant Soren Gift: हेमंत सोरेन की झारखंड को बड़ी सौगात, 145 करोड़ से 13 एकड़ में बनेगा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




