लातेहार में BJP का झारखंड बंद: NH-75 और NH-99 पर लगाया जाम, एक घंटे तक फंसे वाहन

Updated:
विज्ञापन

सड़क जाम करते भाजपाई. | Prabhat Khabar Network

झारखंड में छात्र आंदोलन और लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत बंद का चंदवा में मिला-जुला असर रहा। इंदिरा चौक पर एक घंटे तक चक्का जाम रहा।

विज्ञापन

चंदवा, लातेहार: रांची में चल रहे छात्र आंदोलन और सोमवार को छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का चंदवा प्रखंड में मिला-जुला असर रहा. भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार की सुबह नौ बजे इंदिरा गांधी चौक पर एनएच-99 और एनएच-75 को जाम कर दिया. इससे रांची, चतरा और पलामू की ओर आने-जाने वाले वाहन जाम में फंस गये और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

बंद का नेतृत्व पूर्वी मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह और पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विनय उर्फ रिक्की वर्मा ने किया. कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों की मांगों पर सरकार से ठोस पहल करने की मांग की.

करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों का आवागमन जारी रहा. प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात सामान्य हुआ.

प्रदर्शन में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर पथ निर्माण विभाग के विश्रामागार परिसर में बनाये गये अस्थायी कैंप जेल में रखा. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी छात्रों के न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा.

मौके पर किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव, सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद, विधायक प्रतिनिधि विजय दुबे, नवाहिर उरांव, आदर्श रविराज, बिनोद कुमार गुडू, संजीव आजाद, मनोज पाठक, चंद्रभूषण केशरी, प्रेमनाथ गुप्ता, संटू गुप्ता, विरेंद्र प्रसाद, सूर्यनारायण साहू समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे. बंद के दौरान वाहनों का परिचालन अन्य दिनों की तरह जारी रहा, जबकि बाजार पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा.


विज्ञापन
Sumit Kumar

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola