बम-बम भोले और हर हर महादेव से गूंजा क्षेत्र

ध्वजाधारी धाम धाम में बुधवार को दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत हुई़ महोत्सव के पहले दिन महाशिवरात्रि पर पहाड़ की चोटी से तलहटी तक शिवभक्तों की भीड़ लगी रही.
कोडरमा बाजार. ध्वजाधारी धाम धाम में बुधवार को दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव की शुरुआत हुई़ महोत्सव के पहले दिन महाशिवरात्रि पर पहाड़ की चोटी से तलहटी तक शिवभक्तों की भीड़ लगी रही. आलम यह था कि कोडरमा बाजार से लेकर ध्वजाधारी धाम तक भक्तों का रेला लगा हुआ था़ बम-बम भोले, हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ का जय घोष करते हुए देर शाम तक भक्तों ने भगवान शिव माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर मंगल कामना की. वहीं भक्तों ने 777 सीढ़ी चढ़ कर पहाड़ की चोटी पर स्थित शिवलिंग का जलाभिषेक किया़ अनुमान के मुताबिक शिवरात्रि के पहले दिन करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया़ इसके पूर्व सुबह करीब 10 बजे दो दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का उद्घाटन धाम के मुख्य महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विधायक डॉ नीरा यादव व जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने संयुक्त रूप से किया़ मौके पर निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष कांति देवी, भाजपा नेता रमेश सिंह, मनोज कुमार झुन्नू, गजेंद्र राम, सुभाष वर्णवाल, जिप सदस्य महेंद्र प्रसाद यादव, काशी पंडित, विजय सिंह, यमुना यादव, विनोद कुमार मुन्ना, सुनील यादव सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे़ दो दिवसीय महोत्सव सह मेला को सफल बनाने में मनोज कुमार झुन्नू, सुनील यादव, गजेंद्र राम, अशोक यादव, सुभाष वर्णवाल, मंटू विश्वकर्मा, प्रेम साव, उत्तम कुमार, अजित कुमार गोराई, विनोद कुमार मुन्ना, यमुना यादव, बैजनाथ यादव, राजेन्द्र सिंह, अशोक महतो, शशि सिंह, संदीप कुमार साव, विकास निरंजन, रामचंद्र यादव, शिवशंकर सिंह, विपिन वर्णवाल, दिनेश वर्णवाल, मनीष कुमार, टिंकू कुमार, पार्थ मिश्रा, इंद्रदेव यादव, राजकुमार साव, शशि सिंह, मुरारी यादव, सहदेव यादव, सिकंदर साव, कारू सिंह, गौरी वर्णवाल आदि अहम भूमिका निभा रहे हैं.
आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ बनाये गये हैं तोरण द्वार
महाशिवरात्रि को लेकर पूरे पहाड़ परिसर और मुख्य द्वार तथा पहाड़ की चोटी तक आकर्षक विद्युत व्यवस्था की गयी है़ पहाड़ परिसर को पूरी तरह सजाया गया है़ श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए समुचित व्यवस्था की गयी है़ बुधवार देर रात्रि में देवाधिदेव भगवान महादेव और माता पार्वती का विवाह कार्यक्रम स्थानीय पुरोहित द्वारा संपन्न कराया गया़ विवाह के उपरांत भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की गयी.कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालु, मुंडन संस्कार भी हुआ
महाशिवरात्रि के मौके पर कोडरमा समेत हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह और बिहार राज्य के सीमावर्ती जिला नवादा और गया से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे़ महोत्सव के पहले दिन जम कर मुंडन संस्कार किया गया़ यहां मान्यता है कि छोटे बच्चों का पहाड़ पर मुंडन करवाने से बच्चे संस्कारी, ज्ञानी बनने के साथ बड़े होकर जीवन में उल्लेखनीय कार्य करते हैं.सीसीटीवी कैमरे से की जा रही है निगरानी
ध्वजाधारी धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पहाड़ परिसर से लेकर पहाड़ की चोटी तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आयी. पहाड़ व आसपास के मंदिरों व प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. इससे पूरे मेले पर नजर रखी जा रही है़ इसके अलावे चप्पे-चप्पे पर महिला और पुरुष बल की तैनाती की गयी है़ साथ ही नियंत्रण कक्ष से भी मेले की निगरानी की जा रही है़ मेला के पहले दिन एसडीओ रिया सिंह और एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह सुबह से लेकर देर शाम तक ध्वजाधारी धाम में घूम-घूम कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे़ वहीं धाम में जगह-जगह पर प्रतिनियुक्त किये गये पुलिस पदाधिकारियों व दंडाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी लेते दिखे़स्वास्थ्य शिविर में लोगों को मिली सुविधा
जिला स्वास्थ्य समिति के द्वारा धाम में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया़ शिविर में आने वाले लोगों के बीच जरूरी दवाइयों का वितरण किया गया़ वहीं लोगों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी गयी़ मौके पर अजित कुमार, हिमांशु कुमार, सुनील शर्मा, कुणाल कुमार, अरुण सिंह आदि मौजूद थे़वाहनों के रूट बदले गये
महाशिवरात्रि के मौके पर ध्वजाधारीधाम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए दो दिनों के लिए गाड़ियों के रूट में बदलाव किया गया है़ पंजाब होटल के समीप स्थित हनुमान मंदिर से गाड़ियों के रूट में परिवर्तन किया गया है़ बड़े वाहनों को हनुमान मंदिर से होते हुए लोकाई स्थित संत क्लेयर्स स्कूल के निकट से बाईपास होते हुए बागीटांड़ की ओर निकाला जा रहा था़ इसी तरह पटना की ओर से आनेवाले वाहनों को भी इसी मार्ग से रांची या अन्य गंतव्य की ओर रवाना किया गया़ सिर्फ छोटे वाहनों को हनुमान मंदिर से कोडरमा बाजार होते हुए समाहरणालय तक जाने की अनुमति थी़महाशिवरात्रि का इतिहास काफी पौराणिक है : महामंडलेश्वर
ध्वजाधारी धाम के मुख्य महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने कहा कि शिवरात्रि का इतिहास काफी पौराणिक है़ सदियों से शिवरात्रि मनाने की परंपरा चली आ रही है़ यह काफी सुखद अनुभूति है कि प्रयागराज में विश्व का सबसे बड़ा अनुष्ठान महाकुंभ का आज समापन हो रहा है तो दूसरी ओर कर्दम ऋषि के तपोवन भूमि में शिवरात्रि का शुभारंभ हो रहा है़ उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि विधि व्यवस्था बनाये रखते हुए महोत्सव का आनंद लें. देवों के देव महादेव को शिवरात्रि बेहद प्रिय है़ ऐसे में सच्चे मन से जो भी भक्त इस दिन भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा अर्चना करते हैं तो उन्हें भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है़भगवान भोलेनाथ की कृपा सब पर बनी रहे : अन्नपूर्णा
केंद्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अन्नपूर्णा देवी ने देशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें. उन्होंने कहा कि प्रयागराज के महाकुंभ में 60 करोड़ से अधिक सनातनियों ने डुबकी लगायी है यह विश्व की सबसे बड़ा अनुष्ठान साबित हुआ़ पूरे विश्व में सनातन धर्म का प्रचार हुआ है़ देश ,विदेश में सनातन धर्म की डंका बज रही है़ उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति व्यवस्था बनाये रखते हुए दो दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने की अपील की.ध्वजाधारी महोत्सव आयोजित करने का होगा प्रयास : डॉ नीरा
कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव ने कहा कि ध्वजाधारी पहाड़ की महिमा अपरंपार है, जो भी भक्त यहां सच्चे मन से मत्था टेकते हैं उनकी झोली खुशियों से भर जाती है़ उन्होंने कहा कि आनेवाले दिनों में इटखोरी महोत्सव की तर्ज पर ध्वजाधारी महोत्सव का आयोजन करने का प्रयास होगा, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके़ महोत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखें.शिव की आराधना से मिलती है ऊर्जा : जिप अध्यक्ष
जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव और आदिशक्ति मां पार्वती बहुत दयालु हैं. दुखियों की समस्याओं को दूर करते हैं. असुरों का संहार करते हैं. इनकी पूजा-अर्चना करने से काफी ऊर्जा और असीम शांति मिलती है़ उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से धाम को विकसित किया जा रहा है और यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा , ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का कष्ट न हो़डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




