वज्रपात से सतगावां में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 09 May 2026 10:21 PM
टेहरो पंचायत के नंदूडीह गांव में प्रकृति का कहर
दुखद. टेहरो पंचायत के नंदूडीह गांव में प्रकृति का कहर : मृतकों में मां-बेटा व फुआ शामिल, गांव में मातम का माहौल : पिता दो बच्चों के साथ शादी समारोह में शामिल होने गये थे सतगावां. थाना क्षेत्र के टेहरो पंचायत अंतर्गत नंदूडीह गांव में शुक्रवार की देर रात प्रकृति का ऐसा कहर टूटा कि पूरा इलाका दहल उठा. वज्रपात की चपेट में आने से यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतकों में मां, बेटा और बुआ शामिल हैं. इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात अचानक मौसम बदला और गरज के साथ तेज बारिश शुरू हो गयी. इसी दौरान प्रदीप यादव के घर पर जोरदार आवाज के साथ बिजली गिरी. वज्रपात की चपेट में आने से प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी 42 वर्ष, उनका पुत्र अंकित कुमार 12 वर्ष और बहन मो मुंद्रिका देवी 60 वर्ष गंभीर रूप से झुलस गये. तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. प्रदीप यादव ने बताया कि उनकी बहन अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए नंदूडीह आयी हुई थीं. परिजनों के अनुसार प्रदीप यादव अपने ससुराल में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अन्य दो बच्चों के साथ गये थे. घर पर पत्नी व एक बेटा था, जबकि बहन आयी हुई थी. कमरे में रखे सामान में लग गयी आग बताया जा रहा है कि वज्रपात के साथ ही कमरे में रखे सामान में भी आग लग गयी थी, जिसे ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद बुझाया. घटना की सूचना मिलते ही बीडीओओम प्रकाश बड़ाइक, सीओ केशव प्रसाद चौधरी, प्रभारी थाना प्रभारी श्रवण राम, एसआई रौशन पासवान, रंजीत कुमार व अन्य मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद का भरोसा दिया. बीडीओ बड़ाइक ने कहा यह घटना अत्यंत दुखद है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपदा राहत कोष से प्रभावित परिवार को उचित सहायता राशि प्रदान की जायेगी. मौके पर दीपेश अग्रवाल, नरेश यादव, अजीत भगत सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










