ePaper

प्रयागराज जाने के लिए उमड़ रही भीड़, ट्रेनों में अफरा-तफरी

Updated at : 15 Feb 2025 10:23 PM (IST)
विज्ञापन
प्रयागराज जाने के लिए उमड़ रही भीड़, ट्रेनों में अफरा-तफरी

माघी पूर्णिमा के बाद भी प्रयागराज स्थित संगम में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हो रही है. शनिवार को कोडरमा जंक्शन पर झारखंड के कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा और बिहार के रजौली, नवादा से हजारों श्रद्धालु ट्रेनों में सवार होने पहुंचे.

विज्ञापन

झुमरीतिलैया. माघी पूर्णिमा के बाद भी प्रयागराज स्थित संगम में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हो रही है. शनिवार को कोडरमा जंक्शन पर झारखंड के कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा और बिहार के रजौली, नवादा से हजारों श्रद्धालु ट्रेनों में सवार होने पहुंचे. ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं है और अधिकांश ट्रेनों के गेट भीड़ के कारण बंद हो गये. ऐसे में आरक्षित टिकट वाले यात्री भी अपनी सीट पाने के लिए मशक्कत करते नजर आये. कोडरमा होकर गुजरने वाली पुरी-नयी दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, हटिया-झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस, मुंबई मेल, धनबाद-जम्मू तवी एक्सप्रेस, गरीब रथ, कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. ट्रेन के आते ही अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है और यात्री किसी भी हालत में ट्रेन पकड़ने की कोशिश करते हैं, कुछ यात्री तो प्लेटफॉर्म के बजाय डाउन लाइन से भी ट्रेनों में चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है. यही नहीं स्पेशल ट्रेनों के आने के समय भी अफरा तफरी मच रही है़ स्पेशल ट्रेनों में भी जगह नहीं मिल पा रही है़

अतिरिक्त समय तक रोकी जा रही ट्रेनें

रेलवे प्रशासन यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर रहा है. यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे शांति और सूझबूझ से ट्रेन में चढ़ें. ट्रेनों को सामान्य से 10-15 मिनट अधिक रोका जा रहा है, ताकि यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें. आरपीएफ और जीआरपी के जवान 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं और यात्रियों की सुविधा का ध्यान रख रहे हैं.

हर 5-6 घंटे में चल रही स्पेशल ट्रेनें

धनबाद रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार गौड़, सीटीआइ बच्चा सिंह, निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार समेत कई रेल अधिकारी और कर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हैं. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन हर 5-6 घंटे में धनबाद-कोडरमा-गया रूट पर स्पेशल ट्रेनें चला रहा है. बीती रात बरवाडीह, हजारीबाग टाउन और कोडरमा रूट पर भी एक विशेष ट्रेन चलाई गई, जिससे सैकड़ों यात्री प्रयागराज के लिए रवाना हो सके.

रेलवे स्टेशन पर तोड़ दिया ट्रेन का गेट

बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में जगह की कमी के कारण शनिवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन पर हावड़ा-मथुरा एक्सप्रेस (12177) के कोच एस-5 का गेट यात्रियों ने तोड़ दिया. स्थिति यह थी कि ट्रेन पहले से भरी हुई थी और श्रद्धालु किसी भी हाल में इसमें चढ़ना चाहते थे. रेलवे प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने में लगा हुआ है, लेकिन यात्रियों की परेशानी कम होती नहीं दिख रही. संगम में अमृत स्नान की आस्था के चलते श्रद्धालु हर हाल में प्रयागराज पहुंचना चाहते हैं. ट्रेन हो या बस, हर माध्यम से भक्तजन प्रयागराज जाने के लिए तैयार हैं. हालांकि, अत्यधिक भीड़ और ट्रेनों में सीटों की कमी की वजह से उनकी परेशानी बढ़ गयी है. रेलवे प्रशासन अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के बावजूद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष कर रहा है. दूसरी तरफ कई लोग ट्रेनें नहीं मिलने से बस व अन्य वाहन से प्रयागराज रवाना हो रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola