सतगावां : सड़क पर उतरे लोग, बंद कराया बाजार
Updated at : 17 Mar 2017 7:30 AM (IST)
विज्ञापन

पुलिस हिरासत में दलित की मौत का मामला सतगावां (कोडरमा) : पुलिस की पिटाई से टेहरो निवासी दलित परिवार के प्रदीप चौधरी (52) (पिता स्व. जानकी पासी) की मौत के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया. पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोपहर में लोगों ने रोड मार्च निकाला़ इस दौरान बाजार की दुकानें […]
विज्ञापन
पुलिस हिरासत में दलित की मौत का मामला
सतगावां (कोडरमा) : पुलिस की पिटाई से टेहरो निवासी दलित परिवार के प्रदीप चौधरी (52) (पिता स्व. जानकी पासी) की मौत के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया. पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोपहर में लोगों ने रोड मार्च निकाला़ इस दौरान बाजार की दुकानें बंद करा दी गयी. लोगों ने नवादा-देवघर मुख्य मार्ग को जाम कर टायर जलाकर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया. रोड मार्च में भाकपा माले के विधायक राजकुमार यादव भी शामिल हुए. हालांकि, बाद में पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप से लोग शांत हुए और रोड जाम हटाया गया. इधर, पुलिस हिरासत में पिटाई के आरोप से मौत के मामले को पुलिस विभाग ने भी गंभीरता से लिया है.
पूरे मामले की विस्तृत जानकारी लेने के लिए डीआइजी भीमसेन टूटी, एसपी एसके झा सतगावां पहुंचे. एसपी ने जहां घटनास्थल व मृतक के घर जाकर परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की, वहीं डीआइजी ने थाना में बैठ कर पूरे मामले की जानकारी हासिल की.
क्या है मामला
होली के दिन टेहरो गांव में चौकीदार राजेंद्र यादव को अबीर लगा देने के बाद विवाद हुआ था. विवाद की सूचना के बाद पहुंची पुलिस पर गांव के प्रदीप चौधरी के साथ मारपीट करने का आरोप मृतक की पत्नी जसवा देवी ने बुधवार को लगाया था. महिला का आरोप था कि पुलिस ने पहले गांव में व रात में सतगावां थाना में उसके पति को रख कर पिटाई की. घायलावस्था में इलाज कराने के बाद उसे घर भेज दिया गया, बाद में उसकी मौत हो गयी. पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप सामने आने के बाद मेडिकल बोर्ड से देर शाम शव का अंतिम संस्कार सदर अस्पताल में कराया था. देर रात मृतक का शव सतगावां लाया गया और रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया़ गुरुवार की सुबह इस मामले को लेकर ग्रामीण एकजुट हुए और सड़क पर उतर आये.
मृतक के परिजनों को मिले मुआवजा
दोपहर में माले विधायक राजकुमार यादव यहां पहुंचे और मृतक की पत्नी व बच्चों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया. उन्होंने मृतक के परिजनों को मदद स्वरूप 6100 रुपये नकद दिया. उन्होंने मृतक के परिजनों को दस लाख मुआवजा, सरकारी नौकरी व दोषी पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की. विधायक ने कहा कि ऐसा नहीं होने पर आंदोलन किया जायेगा. माले विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि दलित की मौत के विरोध में 19 मार्च को न्याय मार्च निकाला जायेगा और 28 मार्च को धरना -प्रदर्शन किया जायेगा.
किसी ने नहीं कहा- पुलिस ने की पिटाई, पत्नी अपनी बात पर अडिग
एसपी एसके झा घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ ही मृतक की पत्नी व अन्य से मुलाकात की. एसपी ने ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों से बिना डर, भय के सच्चाई बताने की अपील की. स्थानीय दुकानदार, ग्रामीण में से किसी ने भी पुलिस द्वारा पिटाई किये जाने की बात खुद देखने से इंकार किया. हालांकि मृतक की पत्नी जसवा देवी अपनी बात पर अडिग रही. उसने कहा कि पुलिस की पिटाई से ही उसके पति की मौत हुई है.
प्रशासन ने दिया आर्थिक सहयोग
पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से गुरुवार को पारिवारिक लाभ के तहत दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गयी. इससे संबंधित चेक जेएसएस राजो पासवान व अन्य ने मृतक की पत्नी को सौंपा. इससे पहले दस हजार का चेक बुधवार को दिया गया था.
मानवाधिकार आयोग से की शिकायत
इधर, पूरे मामले की शिकायत मानवाधिकार आयोग नयी दिल्ली को भी कर दी गयी है. मानवाधिकार कार्यकर्ता ओंकार विश्वकर्मा ने इससे संबंधित पत्र आयोग को इमेल के जरिये भेजा है. उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच व पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




