चंदवारा में सड़क हादसों में दो की मौत, चार घायल
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 26 Mar 2026 10:18 PM
ढाब-पांडेयबारा रोड में ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा
हादसा. ढाब-पांडेयबारा रोड में ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा चंदवारा. थाना क्षेत्र अंतर्गत अलग-अलग जगहों पर पिछले 24 घंटे में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल हो गये. पहला हादसा ढाब-पांडेयबारा रोड पर गुरुवार की सुबह को हुआ. यहां एक अनियंत्रित ऑटो पलटने से उसमें सवार पांच मजदूर घायल हो गये. जिसमें बाद में एक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान 22 वर्षीय राकेश कुमार भुईयां (पिता कुनी भुईयां निवासी एकतारा, थाना मयूरहंड, जिला चतरा) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, यह हादसा चंदवारा मस्जिद के समीप हुआ. सभी मजदूर मुंबई से ट्रेन द्वारा कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे. वहां से अपने घर जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किराये पर ली थी. जैसे ही ऑटो चंदवारा मस्जिद के पास पहुंचा, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ऑटो पलट गया. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया. गंभीर घायल को इलाज के लिए बाहर ले जाने के क्रम में मौत हो गयी. वहीं ऑटो में सवार कुनी भुईयां, देवकी कुमार व अन्य का इलाज चल रहा है. सभी घायल हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के बताये जा रहे हैं. दूसरा हादसा उरवां शिव मंदिर के समीप हुआ. यहां अनियंत्रित टैंकर (जेएच12एस-3804) की चपेट में आने से 42 वर्षीय जामुखांड़ी निवासी जिबलाल यादव की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, जिबलाल यादव सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हजारीबाग रेफर कर दिया गया. रास्ते में स्थिति बिगड़ने पर उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










