झारखंड बंद का घाटशिला अनुमंडल में मिला-जुला असर, पुलिस मुस्तैद
बंदी के दौरान घाटशिला में दुकानों को बंद कराते भाजपाई
झारखंड बंद के दौरान घाटशिला अनुमंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुकानें बंद कराईं. जेपीएससी-जेएसएससी विवाद को लेकर कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा.
जमशेदपुर: जेपीएससी व जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का असर घाटशिला अनुमंडल में मिला-जुला रहा. घाटशिला शहर में भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी के नेतृत्व में भाजपा नेता व कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतरकर दुकानें बंद कराते नजर आए, जबकि पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा.
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए दुकानदारों से समर्थन की अपील की. कई पेट्रोल पंप, दुकानें और कई निजी स्कूल, संस्थान बंद रहे, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, वाहनों का परिचालन भी प्रभावित रहा, खासकर फूलडुंगरी से मुसाबनी मार्ग पर बसों का संचालन लगभग ठप रहा.
अन्य प्रखंडों में बंद का अलग-अलग असर
हालांकि अनुमंडल के अन्य प्रखंडों में बंद का असर अलग-अलग देखने को मिला. मुसाबनी में बसों का परिचालन पूरी तरह बंद रहा, लेकिन बाजार खुले रहे. चाकुलिया और धालभूमगढ़ में बंद बेअसर रहा और बाजार सामान्य रूप से खुले रहे. डुमरिया और गुड़ाबांदा में आंशिक असर देखा गया, जबकि बरसोल में बंद का कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा.
बहरागोड़ा में भाजपा ने कराया बाजार बंद
बहरागोड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजार में घूम-घूमकर दुकानें बंद करायी और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ हुई घटना को निंदनीय बताते हुए उनकी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गद्दी छोड़ो” और “छात्रों के साथ मारपीट अन्याय है” समेत कई नारे लगाये.
मौके पर चंडीचरण साव, सुमन कल्याण मंडल, बाप्तु साव, भक्तिश्री पंडा, मिहिर दलाई, वीना पात्र, काजल महाकुड़, महादेव बैठा, कविंद्र नाथ कुंडू, प्रबीर गिरी, समीर नंदी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे. कुल मिलाकर, घाटशिला अनुमंडल में झारखंड बंद का प्रभाव आंशिक रहा, जहां कुछ क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ तो कई जगहों पर सामान्य गतिविधियां जारी रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










