सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल

Updated at : 27 Jan 2025 8:13 PM (IST)
विज्ञापन
सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल

घायलों काे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विष्णुगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर कर दिया गया है.

विज्ञापन

विष्णुगढ़. विष्णुगढ़-गोमिया रोड पर स्थित गझंडी के पास रविवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 17 वर्षीय मो शहाबुद्दीन (पिता मो आलम ग्राम जारंगडीह) की मौत हो गयी. वहीं इस घटना में निखिल सिंह 13 वर्ष, रोहन कुमार 15 वर्ष घायल हो गये. घायलों काे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विष्णुगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर कर दिया गया है. तीनो युवक एक ही बाइक से कोनार डैम से जारंडीह जा रहे थे. इसी बीच गझंडी के पास विपरीत दिशा से आ रही गाड़ी (बोलेरो) और बाइक के बीच टक्कर हो गयी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक एवं बोलेरो को कब्जे में ले लिया है.

चाकू से हमला कर धान व्यवसायी से पांच लाख की छिनतई

इचाक. हदारी स्कूल मैदान के पास अपराधियों ने चाकू से हमला कर किसानों से धान खरीदने वाले व्यवसायी 50 वर्षीय राजेश कुमार मेहता (पिता स्व जयदेव प्रसाद मेहता, ग्राम जगडा, थाना इचाक निवासी) से पांच लाख रुपये की छिनतई कर ली. घटना सोमवार करीब 11 बजे दिन घटी. इस संबंध में राजेश कुमार मेहता ने इचाक थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में कहा है कि धान ट्रक में लोड करने के लिए 27 जनवरी की सुबह करीब आठ बजे लेबर खोजने के लिए विवेक कुमार से फोन पर बात की. विवेक कुमार ने लेबर खोज देने की बात कही. इसके बाद राजेश हदारी पुहंचा. वहां विवेक कुमार दो लेबर खोज कर हदारी चौक पहुंंचा दिया. दोनों लेबर को मेरे साथ बैठा दिया. दो और लेबर लेकर आने की बात कही. इसके बाद एक घंटा तक वापस नहीं आया. दोनों लेबर भी मेरे पास से चले गये. देर होने पर विवेक कुमार को फोन किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. उसके बाद राजेश मध्य स्कूल हदारी की ओर विवेक को खोजने के लिए गया. वहां तीन व्यक्ति पहले से खड़े थे. सभी अपना मुंह बांधे हुए थे. विवेक कुमार के बारे में पूछताछ की. उनलोगों ने मेरे ऊपर हमला कर दिया और चाकू से दाहिने पैर में वार कर दिया, जिससे में जख्मी होकर वहीं गिर गया. इसके बाद थैला में रखे पांच लाख रुपये छिनतई कर ली और फरार हो गये. विवेक कुमार (पिता मिठू पासवान, ग्राम हदारी थाना इचाक, जिला हजारीबाग) का रहने वाला है.

अलग-अलग मारपीट में दंपती समेत चार घायल

बरकट्ठा. प्रखंड में अलग-अलग जगह पर मारपीट की घटना में चार लोग घायल हो गये. सोमवार को मारपीट में मासीपीढ़ी निवासी यशोदा देवी (पति धनेश्वर मंडल), रविवार की शाम को मारपीट में झुरझुरी निवासी दिलीप भुईयां (पिता ललित भुईयां), उनकी पत्नी कलावती देवी एवं शीलाडीह निवासी गुलसैफ अंसारी (पिता शमीम अंसारी) घायल हो गये. घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा में किया गया.

मुखिया पर छेड़छाड़ का आरोप, एसपी को आवेदन

दारू. एक महिला ने एसपी को आवेदन दिया है, जिसमें दारू प्रखंड के मेढ़कुरी मुखिया भोला तुरी पर छेड़छाड़, मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. आवेदन में पीड़िता ने कहा कि 20 जनवरी की रात को मुखिया भोला तुरी मेरे साथ छेड़खानी की और जंगल की ओर ले जाने लगा. हल्ला करने पर मुझे धक्का देकर भाग निकला. पुलिस को जानकारी देने पर मुखिया ने मेरे परिवार को जान से मार देने की धमकी दी है. पीड़िता ने मामले में जांच कर मुखिया पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

तत्कालीन एसडीओ की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना पहुंची महिलाएं

हजारीबाग. तत्कालीन सदर एसडीओ अशोक कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विभिन्न महिला संगठन की सदस्य सोमवार को लोहसिंघना थाना पहुंची. सदस्यों ने लोहसिंघना थाना प्रभारी से तत्कालीन एसडीओ अशोक कुमार की गिरफ्तारी की मांग की. महिलाओं ने करीब एक घंटा तक अपनी मांग को लेकर थाना में डटी रही. थाना प्रभारी ने आरोपी तत्कालीन एसडीओ को एक सप्ताह के अंदर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया. थाना प्रभारी संदीप कुमार के आश्वासन के बाद सभी अपने-अपने घर चली गयीं. बता दें कि 26 दिसबंर 2024 की सुबह एसडीओ के सरकारी आवास में अशोक कुमार की पत्नी अनिता कुमारी आग से झुलस गयी थी. इलाज के दौरान 28 दिसबंर को रांची में अनिता देवी की मौत हो गयी थी. अनिता देवी के मायके वालों ने तत्कालीन एसडीओ अशोक कुमार और उनके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.

चोरदहा के एक होटल में छापामारी,भारी मात्रा में शराब जब्त

हजारीबाग. हजारीबाग आबकारी विभाग ने छापामारी कर चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदहा स्थित एक होटल से 236.52 लीटर विदेशी शराब जब्त की है. इस दौरान शराब के एक कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है. उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरदहा के एक होटल मे अवैध रूप से शराब का कारोबार चल रहा है. इसी सूचना पर छापामारी टीम गठित की गयी. एसआई सुमितेश कुमार के नेतृत्व मे छापामारी की गयी. उन्होने बताया कि होटल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola