हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, गिरोह का एक सदस्य घायल

घायल आरोपी और अन्य पुलिसकर्मी.
झारखंड के कोयलांचल क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए अपराधियों के पास से हथियार और बाइक बरामद हुई है. पूछताछ में उन्होंने गिरोह की लेवी वसूली की बात कबूली है.
Rahul Dubey Gang News: बड़कागांव-केरेडारी स्थित कोयलांचल क्षेत्र में लेवी वसूली और फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों के साथ शुक्रवार तड़के पुलिस की मुठभेड़ हो गयी. यह मुठभेड़ सुबह करीब 3:20 बजे केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरू जंगल के पास हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी जंगल की ओर भागते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
मो रागीब अफजल व जितेंद्र सोनी के रूप में पहचान हुई
घायल अपराधी की पहचान बड़कागांव के डाड़ीकला ओपी क्षेत्र अंतर्गत चेपाखुर्द निवासी मो रागीब अफजल के रूप में हुई है. वहीं गिरफ्तार दूसरा आरोपी केरेडारी के पगार ओपी क्षेत्र के चट्टीबरियातु निवासी जितेंद्र सोनी है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक बरामद की है. घायल रागीब अफजल को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पर्चा छोड़कर जंगल में भागने की मिली थी सूचना
एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि केरेडारी स्थित चंद्रगुप्त कोल खनन परियोजना के परिवहन मार्ग पर बुकरू-पचरा रोड बैरियर के पास दो अपराधी बाइक से पर्चा छोड़कर जंगल की ओर भागे हैं. सूचना के आधार पर बड़कागांव एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. जंगल में तलाशी के दौरान पुलिस को बाइक पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिये. पुलिस वाहन देखते ही दोनों भागने लगे और पीछा किये जाने पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रागीब अफजल के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी जितेंद्र सोनी भागने के दौरान पकड़ लिया गया.
राहुल दूबे गिरोह का सक्रिय सदस्य होने की बात स्वीकार की : एसपी
एसपी ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने राहुल दूबे गिरोह का सक्रिय सदस्य होने की बात स्वीकार की है. उन्होंने बताया कि गिरोह कोयलांचल क्षेत्र में ठेकेदारों, ट्रांसपोर्टरों और कोयला कंपनियों से लेवी वसूलने के लिए दहशत फैलाता है. जब्त मोबाइल फोन की जांच में कई संवेदकों, ट्रांसपोर्टरों, कोल कंपनियों के अधिकारियों और व्यापारियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं तस्वीरें मिली हैं. इन सुरागों के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
ये भी पढ़ें- JPSC Exam Controversy: सीआईडी ने टीडीपीएल के तीन कर्मचारी को किया गिरफ्तार, रांची के दो होटलों में छापेमारी
ये भी पढ़ें-रांची में पुलिस मुठभेड़: जमीन कारोबारी भार्गव सिंह का हत्यारा सत्यम पाठक ढेर होते-होते बचा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










